भाजपा के घोषणा पत्र में कृषि पर होगा विशेष फोकस, 5 सदस्यीय समिति 9 मार्च को देगी रिपोर्ट

0

नई दिल्ली, 04 मार्च (हि.स.)। भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव के लिए जो घोषणा पत्र तैयार कर रही है, उसमें कृषि पर विशेष फोकस कर रही है। घोषणा पत्र में किसान, कृषि व उससे संबंधित समस्याओं पर किसानों, कृषि विशेषज्ञों, अर्थशास्त्रियों आदि से बात करके, उनके सुझाव लेकर एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है। समिति में म.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष व सांसद वीरेन्द्र सिंह “मस्त”, कृषि राज्यमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और कृषि कल्याण व पंचायती राज राज्यमंत्री पुरूषोत्तम रूपाला शामिल हैं| इस बारे में भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह का कहना है कि समिति के सभी लोग देश के विभिन्न भागों में किसानों, कृषि विशेषज्ञों, अर्थशास्त्रियों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि से जुड़े लोगों से मिल रहे हैं| उनके विचार जान रहे हैं, उनसे इनपुट ले रहे हैं। पूरा जोर इस पर है कि कैसे किसानों की आय 2022 तक दोगुनी की जाए। इसके लिए किसानों की समस्याओं, कृषि उपज के बाजार की समस्या, उचित मूल्य नहीं मिलने की समस्या, खेती के लिए खाद, पानी, बिजली, उन्नत बीज आदि की समस्या, पारम्परिक खेती से अलग सब्जी, फल, औषधि खेती को बढ़ावा देने में आ रही समस्या के बारे जानकारी ली जाएगी, उनसे सुझाव लिया जाएगा। उस पर रिपोर्ट बनाकर पार्टी प्रमुख को दिया जाएगा। उसके आधार पर लोकसभा चुनाव के लिए तैयार हो रहे पार्टी घोषणा पत्र में कृषि के महत्वपूर्ण बिन्दुओं को शामिल किया जाएगा। वीरेन्द्र सिंह का कहना है कि इसके लिए वह 06 मार्च को रांची , 7 मार्च को वाराणसी और 8 मार्च को पटना में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों व संबंधित लोगों के साथ बैठक करेंगे। समिति के अन्य चार लोग भी देश के अन्य भागों में इसी तरह से बैठक करके इनपुट ले रहे हैं। इसकी रिपोर्ट 9 मार्च तक तैयार हो जाएगी। किसानों से मिलकर, उनसे बात करके, उनकी समस्याएं जानकर जो रिपोर्ट तैयार की जानी है, उसका उद्देश्य अगले 3 वर्ष में किसानों की आय दोगुनी करने की है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *