लोस चुनाव: मध्य प्रदेश में मिलकर लड़ेगी सपा-बसपा, सीटों का हुआ बंटवारा

0

प्रदेश में 03 पर सपा और 26 सीटों पर बसपा लड़ेगी चुनाव
भोपाल, 25 फरवरी (हि.स)। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल कमर कसकर तैयार हैं और चुनावों की तैयारियों में जुट गए हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख राजनीतिक दल समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने सोमवार को मध्य प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव साथ में मिलकर लड़ने का ऐलान कर दिया है। इसके लिए दोनों पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा भी हो गया है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से लखनऊ में यह ऐलान किया कि सपा और बसपा मध्य प्रदेश में गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी। दोनों पार्टियों ने तय किया है कि मध्य प्रदेश की कुल 29 सीटों में से तीन पर सपा और बाकी बची 26 सीटों पर बसपा के प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। इस गठबंधन में दोनों दलों ने कांग्रेस को फिलहाल दूर रखा है।
मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं, जिनमें से सपा तीन सीटों बालाघाट, टीकमगढ़ और खजुराहो पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी, जबकि शेष 26 सीटों पर बसपा अपने प्रत्याशी उतारेगी। माना जा रहा है कि सपा को वही तीन सीटें मिली हैं, जहां उसका जनाधार ठीक-ठाक है और गत विधानसभा चुनावों में यहां पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। वहीं, पिछले लोकसभा चुनाव में बालाघाट और टीकमगढ़ में सपा को बसपा के मुकाबले दोगुने वोट मिले थे और खजुराहो में दोनों बराबरी पर थे।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में 2013 के विधानसभा चुनाव में बसपा के चार उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी, जबकि 2018 के चुनावों में उसे केवल दो सीटों से ही संतोष करना पड़ा। वहीं, 2013 में सपा का मध्य प्रदेश में सूपड़ा साफ हो गया था। उसे एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। इस बार सपा ने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया और विधानसभा में एक विधायक पहुंचाने में पार्टी सफल रही, लेकिन लोकसभा चुनावों में मध्य प्रदेश में दोनों पार्टियों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। यहां पिछले चुनाव में यहां दोनों में से किसी भी पार्टी ने खाता नहीं खोला था। पिछले 2014 के लोकसभा चुनाव में कुल 29 सीटों में भाजपा ने 27 पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को दो सीट से संतोष करना पड़ा था। बाद में एक सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी। वर्तमान में मध्य प्रदेश में तीन सीटों गुना, छिंदवाड़ा और झाबुआ पर कांग्रेस और शेष 26 सीटों पर भाजपा लोकसभा में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही है।
हाल ही में संपन्न हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी एक सीट और बहुजन समाज पार्टी को दो सीट पर जीत हासिल हुई थी। वहीं, साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में बसपा को 3.79 फीसदी वोट मिले थे, जबकि सपा को 0.74 फीसदी मतों से संतोष करना पड़ा। मध्य प्रदेश में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में बसपा का वोट प्रतिशत 3.79 से बढ़कर पांच फीसदी हो गया था और सपा का वोट प्रतिशत भी मामूली तौर पर बढ़ा। बसपा ने जहां सतना और मुरैना से अपने प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी है, तो जल्द ही अन्य सीटों पर प्रत्याशी घोषति कर दिये जाएंगे। इसके लिए पार्टी पदाधिकारी लगातार दावेदारों से चर्चा कर रहे हैं। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *