प्रियंका गांधी के सिपहसालारों ने जिताऊ प्रत्याशियों के बारे में जुटाई जानकारी

0

लखनऊ, 24 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर लोकसभावार प्रत्या​शी चयन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। कांग्रेस ने प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया के सहयोगी के रूप में दो नेताओं को लगाया है। प्रियंका और ज्योतिरादित्य से जुड़े नेताओं ने रविवार को लोकसभा क्षेत्रों में जाकर बैठक की और स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय जानी।
कांग्रेस के सचिव व प्रभारी पूर्वी उत्तर प्रदेश बाजीराव खांड़े, जो कि प्रियंका गांधी से सम्बद्ध हैं, ने लखनऊ व मोहनलालगंज लोकसभा के सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और चर्चा की। बैठक में आगामी चुनाव में कांग्रेस को कैसे जीत दिलाई जाय, इसको लेकर स्थानीय पदाधिकारियों की राय जानने की कोशिश की।
बैठक में लोकसभावार सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। श्री बाजीराव खांड़े ने प्रत्येक कार्यकर्ता की बात सुनी और चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी, नेता व कार्यकर्ता सबसे पहले अपने बूथ, जहाँ का निवासी है, उसे मजबूत करें, कांग्रेस पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता में ऊर्जा है और उस ऊर्जा का सदुपयोग आगामी चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी के लिए पूरी दम-खम के साथ करना है, कांग्रेस ने हमेशा जनहित को लेकर निर्णय लिये हैं।
खाड़े ने सभी पदाधिकारियों और नेताओं व कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि कांग्रेस पार्टी के किये कार्यों को अपने-अपने क्षेत्र में सभी को बतायें और 2014 जो भाजपा और मोदी जी ने जो वादे किये थे, वह पूरे नहीं हुए, यह भी याद दिलायें।
इसी क्रम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव सचिन नाइक जो कि कांग्रेस महासचिव प्रभारी प्रियंका गांधी के साथ सम्बद्ध हैं, ने बाराबंकी व फैजाबाद लोकसभा में नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
सचिन नाइक ने बैठक में कहा कि यदि कांग्रेस द्वारा किये गये कार्यों और उपलब्धियों को हम प्रत्येक घरवार जनता के बीच में पहुंचा दें तो कांग्रेस पार्टी की सफलता को कोई रोक नहीं सकता, सभी लोग अपने-अपने बूथ को मजबूत करें। पार्टी नेतृत्व किसानों, नौजवानों और महिलाओं के सशक्तीकरण पर विशेष तौर से काम कर रहा है और सभी की आवाज कांग्रेस के घोषणा-पत्र का अहम हिस्सा होगी। कांग्रेस विश्व की पहली ऐसी पार्टी है जो अपना घोषणा-पत्र जनता के बीच जाकर बना रही है।
वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव धीरज गुर्जर जो कि कांग्रेस महासचिव प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ सम्बद्ध हैं, ने रामपुर लोकसभा में नेताओं, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। धीरज गुर्जर ने बैठक में कहा कि हम नेता नहीं आपके साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर पार्टी को मजबूत करने के लिए आये हैं।
इसके अलावा रोहित चौधरी जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ सम्बद्ध है ने मथुरा लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं, पूर्व सांसदों, मंत्रियों, पूर्व विधायकों, पूर्व लोकसभा, विधानसभा प्रत्याशियों और फ्रन्टल संगठनों के साथ स्थानीय निकाय चुनाव के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न सामाजिक वर्ग-अधिवक्ता, डाक्टर, व्यापारी, किसान आदि के साथ एक-एक कर विचार विमर्श किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *