अयोध्या से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में प्रवीण भाई तोगड़िया

0

No

लखनऊ, 24 फरवरी (हि.स.) विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अध्यक्ष और हिन्दुस्थान निर्माण दल के मुखिया डा. प्रवीण भाई तोगड़िया अयोध्या संसदीय क्षेत्र से लोकसभा का चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इसके लिए अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता होमवर्क भी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि विहिप से अलग होने के बाद तोग​ड़िया ने नई राजनैतिक पार्टी हिन्दुस्थान निर्माण दल का गठन किया है। उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर उत्याशी उतारेगी। प्रत्याशियों की घोषणा भी पार्टी जल्द करेगी। फिलहाल तोगड़िया को अयोध्या,मथुरा और वाराणसी तीनों स्थानों के कार्यकर्ता अपने यहां से चुनाव लड़ाने की मांग कर रहे हैं।
अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री जितेन्द्र शास्त्री ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि डा.प्रवीण भाई तोगड़िया अयोध्या से चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी शीघ्र ही जिताऊ प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ,वाराणसी और मथुरा से भी हम दमदार प्रत्याशी चुनाव में उतारेंगे।
जितेन्द्र शास्त्री ने कहा कि ‘अयोध्या में राम,युवाओं को काम और किसानों को दाम अबकी बार हिन्दू सरकार’ के संकल्प को लेकर हिन्दुस्थान निर्माण दल जनता के बीच जायेगा। मोदी सरकार की विफलता, धारा 370, कामन सिविल कोड,जनसंख्या नियंत्रण और सुरक्षा नीति की असफलता को लेकर जनता के बीच जायेंगे।
उन्होंने कहा कि पुलवामा हमला केन्द्र सरकार की गलत नीतियों का ही परिणाम है। मोदी का 56 इंच का सीना कहां गया। उनका सीना 56 इंच से पांच इंच का हो गया है। देश की जनता उनसे जवाब चाहती है। मोदी चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे थे आतंकवाद पर हमने नकेल कसी है। कश्मीर में पत्थरबाजी बंद हो गयी है।
उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में सीमा पर कई सैनिक शहीद हुए। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी सत्ता में आयी तो पत्थरबाजों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान और अलगाववादियों के प्रति मोदी सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण ही सीमा पर सैनिक शहीद हो रहे हैं। वहीं राम मंदिर पर भी केन्द्र सरकार हिन्दुओं को गुमराह करने का काम कर रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक जरूर सिखायेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *