सहयोगी दल सीट छोड़ें या नहीं,भाकपा बेगूसराय सीट से कन्हैया को लड़ाएगी

0

नई दिल्ली, 20 फरवरी (हि.स.)। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे और अपने कड़वे बोल के लिए चर्चित कन्हैया कुमार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी बिहार के बेगूसराय संसदीय सीट से चुनाव लड़ाएगी। भाकपा के एक नेता का कहना है कि महागठबंधन में अन्य दल बेगूसराय लोकसभा सीट भाकपा के लिए छोड़ें या नहीं छोड़ें, पार्टी वहां से अपना प्रत्याशी उतारेगी। प्रत्याशी होंगे छात्र नेता कन्हैया कुमार। इस संसदीय सीट से भाजपा के भोला सिंह सांसद थे। उनका देहांत हो गया। आगामी लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा नेता व केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के चुनाव लड़ने की संभावना है। गिरिराज अभी नवादा संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं। वह जातीय समीकरण के कारण 2019 का लोकसभा चुनाव बेगूसराय से लड़ना चाहते हैं। भाकपा नेताओं का कहना है कि यदि गिरिराज सिंह बेगूसराय से चुनाव लड़ते हैं ,तो उनकी ही जुबान में, उनकी ही तरह के शब्दों से टक्कर कन्हैया कुमार ही दे सकते हैं, कोई और नहीं।
भाकपा नेता व राज्यसभा सांसद डी . राजा बेगूसराय सीट के लिए राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मिले थे। उन्होंने लालू यादव से बेगूसराय लोकसभा सीट के अलावा मधुबनी, मोतिहारी व खगड़िया सीट भी मांगी है। लेकिन राजद नेताओं का कहना है कि भाकपा को एक या दो लोकसभा सीट ही दिया जा सकता है। उससे अधिक नहीं। ऐसे में यदि राजग व अन्य सहयोगी दल बेगूसराय लोकसभा सीट भाकपा के लिए छोड़ते हैं तब तो उत्तम, वरना भाकपा अकेले के बूते बेगूसराय में अपना प्रत्याशी लड़ाएगी। जहां तक कन्हैया कुमार का सवाल है, उन्होंने हाल ही में कहा था कि वह अध्यापन को अपना कैरियर बनाएंगे। राजनीति तो केवल सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए करेंगे। इस बारे में पूर्व सांसद हरिकेश बहादुर का कहना है कि वकालत करने वालों की तरह अध्यापन कार्य करने वालों के लिए राजनीति हर तरह से बहुत ही अच्छा माध्यम है। अब तो अन्य विधा के लोग भी इस माध्यम को आगे बढ़ने की सीढ़ी बनाने लगे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *