सियोल शांति पुरस्कार से सम्मानित होंगे प्रधानमंत्री मोदी

0

नई दिल्ली, 14 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय योगदान के लिए सियोल शांति पुरस्कार-2018 से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार सियोल शांति पुरस्कार सांस्कृतिक फाउंडेशन द्वारा दिया जाता है। पीएम मोदी को ये पुरस्कार 22 फरवरी को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 21-22 फरवरी 2019 को कोरिया गणराज्य की यात्रा करेंगे। यह यात्रा भारत और दक्षिण कोरिया के बीच उच्च स्तरीय आदान-प्रदान में आई नई राजनयिक गरमाहट का हिस्सा है। इससे पहले जुलाई 2018 में द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए कोरियाई राष्ट्रपति मून भारत यात्रा कर चुके हैं। वहीं उनकी पत्नी मैडम किम-जंग ने नवंबर 2018 में अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम में भागीदारी की थी।
प्रधानमंत्री मोदी की आगामी यात्रा दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों में हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा करने और दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। साथ ही ये यात्रा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर साझा हित के विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के एक भाग के रूप में दक्षिण कोरिया के साथ बहुआयामी जुड़ाव को मजबूत करने वाली प्राथमिकता को प्रदर्शित करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *