मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार : एचडी कुमारस्वामी

0

बेंगलुरु, 28 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेताओं को चेताया है कि वह (कांग्रेसी) लक्ष्मण रेखा पार नहीं करें। उन्होंने सोमवार को मीडिया के समक्ष साफ़ कहा कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता हद पार कर रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी को अपने विधायकों को नियंत्रण में रखना चाहिए। जानकारों का मानना है कि गठबंधन सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उधर, कांग्रेस पार्टी ने विधायक एसटी सोमशेखर को उनके बयान पर कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही है।
गौरतलब है कि रविवार को सिद्धरामैया के समर्थक विधायक और हाल ही बीडीए के चेयरमैन बनाए गए एसटी सोमशेखर ने कुमारस्वामी की सरकार पर अब तक कोई विकास कार्य नहीं करने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी कहा कि वह अभी भी सिद्धरामैया को ही अपना मुख्यमंत्री मानते हैं। इस कार्यक्रम में मंत्री एमटीबी नागराज और पुट्टन शेट्टी भी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा था कि प्रदेश में गठबंधन सरकार को सात महीने हो गए हैं लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ। अगर सिद्धरामैया को मुख्यमंत्री के रूप पांच साल और मिले होते तो हमें सही मायनों में विकास देखने को मिलता।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *