प्रणब मुखर्जी, भूपेन हजारिका और नानाजी देशमुख को भारत रत्न

0

नई दिल्ली, 25 जनवरी (हि.स.)। केन्द्र सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, गीतकार एवं संगीतकार भूपेन हजारिका (मरणोपरांत) और समाजसेवी रहे नानाजी देशमुख (मरणोपरांत) को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत रत्न से सम्मानित होने वाली शख्सियतों के नामों की घोषणा होने के साथ ही उनके सम्मान में ट्वीट किया है।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वह एक उत्कृष्ट राजनेता हैंंने दशकों तक देश की निस्वार्थ और अथक सेवा की है, जिससे देश के विकास पथ पर एक मजबूत छाप छोड़ी गई है। उनके ज्ञान और बुद्धिमत्ता के समान कुछ ही प्रतिभाएं हैं।
भूपेन दा को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि भूपेन हजारिका के गीत और संगीत पीढ़ियों से लोगों द्वारा सराहे जाते हैं। उनसे समाज में न्याय, सौहार्द और भाईचारे का संदेश जाता है। उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की संगीत परंपराओं को लोकप्रिय बनाया।
नानाजी देशमुख को सच्चे अर्थों में भारत रत्न का हकदार बताते हुए मोदी ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए नानाजी देशमुख के महत्वपूर्ण योगदान ने हमारे गांवों में रहने वाले लोगों को सशक्त बनाने के एक नए प्रतिमान की राह दिखाई। वह पिछड़ों के प्रति विनम्रता, करुणा और सेवा का भाव रखते थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *