ऊंची जाति को कर्पूरी ठाकुर ने दिया आरक्षण लालू ने किया समाप्त : सुशील मोदी

0

पटना, 23 जनवरी ( हि. स. )। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने बिहार में ऊंची जातियों को 3 प्रतिशत रिजर्वेशन दिया था, जबकि उनके नाम पर गरीबों को गुमराह करने वाले लालू प्रसाद ने मुख्यमंत्री बनने के दो साल बाद ही ऊंची जातियों से नफरत की वजह से इस समुदाय के गरीबों का मामूली रिजर्वेशन भी 1992 में बंद कर दिया था।
सोशल मीडिया में ट्वीट करते हुए उन्होंने बुधवार को लिखा कि उनकी पार्टी सवर्णों को केंद्र की मोदी सरकार से मिले 10 रिजर्वेशन को झुनझुना बताकर संसद में इसका विरोध करती है, लेकिन सदन के बाहर गरीबों की आंख में धूल झोंकने के लिए ढुलमुल बयान देती है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार जल्द ही जब ऊंची जाति के गरीबों के लिए विधान मंडल में बिल लायेगी, तब राजद और दूसरे विरोधी दलों का असली चेहरा फिर सामने आएगा।
सुशील मोदी ने लिखा है कि लालू प्रसाद की पार्टी ने ऊंची जाति के गरीबों का रिजर्वेशन छीना और पंचायत चुनाव में दलितों-पिछड़ों, महिलाओं को रिजर्वेशन से वंचित रखकर संविधान की भावना पर गहरा आघात किया, जबकि उनके वारिस संविधान बचाओ यात्रा का नाटक करते हैं।
भाजपा नेता ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विदेश में छुट्टी मनाने के शौकीन और संसद में आंख मारने जैसी हरकत करने वाले राहुल गांधी जब गरीबों, दलितों-पिछड़ों के लिए 18 घंटे काम करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत सरकार को अकेले चुनौती देने में नाकाम हो गए और जब यूपी में सपा-बसपा ने भी कांग्रेस को दो सीट की औकात बताकर गठबंधन से बाहर कर दिया, तब अस्तित्व बचाने के लिए परिवार के एक और सदस्य को सीधे महासचिव बना दिया गया। उन्होंने कहा कि वंशवादी दल संकट में ऐसे ही फैसले लेते हैं।
उन्हों कहा कि जब राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव संकट में पड़े, तब उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी को सीएम बनाया था, और अब संकट में पड़ने के बाद कांग्रेस प्रियंका गांधी को आगे ला रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस निर्णय से यूपी में बस यही फायदा होगा कि कांग्रेस की चुनाव सभाओं में कुर्सियां खाली नहीं दिखेंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *