कुछ लोगों के लिए परिवार ही पार्टी, भाजपा के लिए दल ही परिवारः प्रधानमंत्री
नई दिल्ली, 23 जनवरी (हि.स.)।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आज कहा कि कुछ लोगों के लिए उनका परिवार ही पार्टी है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए दल ही परिवार है।कांग्रेस द्वारा प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव नियुक्त किए जाने पर अपरोक्ष रूप से निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कुछ लोगों के लिए परिवार ही पार्टी है, जबकि भाजपा में पार्टी ही परिवार है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि जब वह कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं तो उनका मंतव्य कांग्रेस की इसी संस्कृति का विरोध होता है।
प्रधानमंत्री ने बुधवार को महाराष्ट्र के बारामती, गढ़चिरौली, हिंगोली, नांदेड़ और नंदूरबार लोकसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार का अपमान किए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि पवार की एक ही गलती थी कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहते थे जो कि कांग्रेस में अपराध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एक परिवार विशेष का विरोध बड़ा अपराध समझा जाता है। किंतु आज स्थिति ये है कि शरद पवार उसी कांग्रेस के साथ जा खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई दल ऐसा है जो वास्तव में पूरी तरह से लोकतांत्रिक सिद्धांतों का पालन करता हौ तो वह भाजपा है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी भारत के लोकतंत्र की सुरक्षा में हमेशा सबसे आगे रही है । उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल का विरोध करने में सबसे आगे इसी पार्टी के कार्यकर्ताओ और नेता रहे थे और आज भी भाजपा के बहुत सारे कार्यकर्ता राजनीतिक हिंसा के शिकार होते हैं, बावजूद वे लोगों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं।
मोदी ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वहां स्थानीय प्रशासन ने लोकतांत्रिक तरीकों से चुनाव नहीं कराए क्योंकि वे जानते थे कि अगर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हुए तो राज्य की सत्ता पर काबिज दल को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस तानाशाही के रास्ते पर चलती रही लेकिन भाजपा लोक शाही के लिए प्रतिबद्ध है और हमेशा उसी रास्ते पर चलेगी।