राहुल गांधी अमेठी के साथ दूसरी सीट से भी लड़ सकते हैं अगला लोकसभा चुनाव

0

अमेठी  (हि.स.)। कांग्रेस के किले अमेठी को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने साढ़े चार से ज्यादा समय से घेर रखा है। ऐसे में संभावना जताई गई है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस बार एक से ज्यादा लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं।
अगले लोकसभा चुनाव में राहुल उत्तर प्रदेश की अपनी अमेठी सीट के अलावा महाराष्ट्र की नांदेड़ या मध्य प्रदेश की कोई एक सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। नांदेड़ से कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण सांसद हैं। अशोक चव्हाण ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष हैं। वे किसी भी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। अगर वे नांदेड़ चुनते हैं तो उनका स्वागत है।’ साल 2014 में नांदेड़ सीट पर चव्हाण ने भाजपा के डीवी पाटिल को हराया था। महाराष्ट्र में इस साल विधानसभा चुनाव भी हैं। ऐसा माना जा रहा है कि चव्हाण को राज्य के संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। उन्हें कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री के पद का उम्मीदवार भी बनाया जा सकता है। तीसरी सीट मध्यप्रदेश से कौन से होगी, इस पर कांग्रेस विचार कर रही है।
अमेठी से लगातार तीसरी बार सांसद
राहुल गांधी अमेठी सीट से साल 2004, 2009 और 2014 में चुनाव जीते थे। 2014 में भाजपा की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से उन्हें कड़ी टक्कर मिली थी। राहुल को 408651और स्मृति को 300748 वोट मिले थे। इसके बाद से स्मृति लगातार अमेठी का दौरा कर रही हैं। वे अपनी हर रैली में गांधी परिवार को निशाना बनाती हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि भाजपा इस बार भी उन्हें अमेठी से चुनाव लड़ा सकती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *