भाजपा से डरकर ममता सरकार ने रथ यात्रा की अनुमति नहीं दी : अमित शाह

0

मालदह(पश्चिम बंगाल), 22 जनवरी (हि. स.)। भाजपा से डरकर ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को रथ यात्रा की अनुमति नहीं दी। तृणमूल कांग्रेस का अंत नजदीक है। मालदह के हबीबपुर में आयोजित जनसभा से राज्य के सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस पर मंगलवार को इसी भाषा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आक्रमण किया। तृणमूल कांग्रेस के साथ ही भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस सहित अन्य विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों ने निर्णय ले लिया है, वर्ष 2019 में केंद्र में भाजपा की ही सरकार बनेगी और नरेंद्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री होंगे।
सभा से कई मुद्दों पर अमित शाह ने राज्य की तृणमूल सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कोलकाता के ममता सरकार का ट्रांसफार्मर जल गया है। अब उन्हें उखाड़ फेंकना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में बंगाल में लोकतंत्र समाप्त हो गया है। राज्य में आतंकवाद का वातावरण बन गया है। रथ यात्रा के प्रसंग में अमित शाह ने कहा कि इस राज्य में विरोधियों को कोई भी सभा और रैली करने नहीं दी जा रही है। उन्हें रोका जा रहा है। अमित शाह ने आगे कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में पश्चिम बंगाल में गौ तस्करी बड़ी है। चारों ओर सिंडिकेट राज चल रहा है। तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल को कंगाल बना दिया है। सत्ता में आने पर भाजपा सरकार यह सब कुछ बंद करेगी।
तृणमूल कांग्रेस के ब्रिगेड समावेश पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह सत्तालोभियों का महागठबंधन है। वह मजबूर सरकार चाहते हैं। लेकिन हम मजबूत सरकार चाहते हैं ।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा में नागरिक संशोधन विधेयक पास हो चुका है। इस विधेयक के बारे में अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सरकार में आने पर राज्य में शरणार्थी के तौर पर रह रहे बांग्लादेशी हिंदुओं को भाजपा नागरिकता प्रदान करेगी। किसी को भी देश छोड़कर नहीं जाना होगा। हबीबपुर की सभा में अमित शाह ने केंद्र की पूर्व कांग्रेसी सरकार पर भी आक्रमण किया। तथ्यों को पेश करते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने पांच वर्षों में पश्चिम बंगाल सरकार को एक लाख 32 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी थी। उसकी तुलना में साढ़े चार वर्षों में भाजपा सरकार ने पश्चिम बंगाल सरकार को साढ़े तीन लाख करोड़ से अधिक रुपये दिये हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *