ट्रम्प और किम जोंग उन के बीच दूसरी शिखर वार्ता अगले माह

0

वाशिंगटन, 19 जनवरी (हि.स.)| राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उत्तरी कोरियाई शासक किम जोंग उन के बीच दूसरी शिखर वार्ता अगले महीने के अंत में होगी। इसके लिए तिथि और स्थान का फैसला शीघ्र घोषित किए जाने की बात कही गई है। नि:शस्त्रीकरण के मुद्दे पर पहली शिखर वार्ता गत 12 जून में सिंगापुर में हुई थी। उस वार्ता में अमेरिका की पहली शर्त यह थी कि उत्तरी कोरिया जब तक अपने आणविक हथियारों को नष्ट नहीं करता है, तब तक अमेरिका उसके खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध नहीं हटाएगा। उत्तरी कोरिया ने पहली शिखर वार्ता के बाद क्या-क्या कदम उठाए हैं, इन्हें लेकर अमेरिका में कयास लगाए जा रहे हैं। बताया जाता है कि उत्तरी कोरिया से नि:शस्त्रीकरण के बारे में पूरी जानकारी मिलने के बाद ही दूसरी शिखर वार्ता के स्थान और तिथि की पुख़्ता जानकारी दी जा सकेगी।
शुक्रवार को व्हाइट हाउस के प्रवक्ता सारा सैंडर्स ने बताया कि ट्रम्प प्रशासन यह जानने की कोशिश में लगा है कि उत्तरी कोरिया ने पहली शिखर वार्ता के बाद अब तक क्या-क्या कदम उठाए हैं। इसके अलावा दूसरा सवाल यह है कि यह शिखर वार्ता विएतनाम, थाईलैंड और हवाई में से किसी एक स्थान पर किए जाने के प्रस्ताव आए हैं। सुबह व्हाइट हाउस के ओवल आफिस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उत्तरी कोरियाई शसक किम जोंग उन के विश्वस्त अधिकारी किम योंग चोल के बीच 90 मिनट तक बातचीत हुई। किम के लिए राष्ट्रपति से यह सीधे पहली मुलाकात थी। बैठक के बाद ट्रम्प ने कहा कि आणविक हमले की अब कोई आशंका नहीं रह गई है। इससे पहले ट्रम्प ने कहा था कि वह शिखर वार्ता के तत्काल परिणाम की उम्मीद नहीं कर रहे हैं| खास कर उस स्थिति में जब एक देश पिछले तेरह महीनों से मिसाइल प्रक्षेपण कार्य में लगा हो। इस मिशन में गत अक्टूबर में विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने उत्तरी कोरिया शासक से बातचीत की थी और तब किम जोंग उन ने आश्वस्त किया था कि इंस्पेक्टर उनके आणविक ठिकानों का निरीक्षण कर सकते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *