इंडोनेशिया दुर्घटनाग्रस्त विमान को कॉकपिट वॉयस रिकार्डर मिला

0

जकार्ता, 14 जनवरी (हि.स.)। नौसेना के गोताखोरों ने इंडोनेशिया में पिछले साल दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का कॉकपिट वॉयस रिकार्डर बरामद कर लिया है। इससे दुर्घटना की जांच में कामयाबी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, समुद्री मामलों के उपमंत्री रिदवान जमालुद्दीन ने पत्रकारों को बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले 189 यात्रियों में से कुछ के अवशेष का भी पता लगा लिया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष ने सोमवार की सुबह इस बात की पुष्टि की।

उधर, इंडोनेशियाई नौसेना के पश्चिमी बेड़े के प्रवक्ता, लेफ्टिनेंट कर्नल एगंग नुग्रोहो ने कहा कि उच्च प्रौद्योगिकी वाले यंत्रों से लैस गोताखोरों को समुद्री सतह पर कीचड़ में 8 मीटर (26 फुट) की गहराई पर वॉयस रिकॉर्डर मिला है।

इंडोनेशिया का बोइंग 737 मैक्स 8 जेट विमान पिछले साल 29 अक्टूबर को जकार्ता से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद जावा सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे उसमें सवार सभी यात्रियों की मौत हो गई थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *