बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल से मुंबईवासी परेशान

0

मुंबई 08 जनवरी (हि स)। मुंबई में मध्य रात्रि से शुरु 3200 बेस्ट बसों की हड़ताल से मंगलवार को सुबह मुंबईवासी परेशान हो गए हैं। बेस्ट कर्मचारियों की ओर से उनकी विभिन्न मांगों के समर्थन में की गई इस हड़ताल का फायदा रिक्शा-टैक्सी चालक उठा रहे हैं। इसलिए कामकाजी लोगों को काम पर जाने के लिए अधिक पैसे अदा करना पड़ रहा है। दोपहर को इस संबंध में मुंबई महानगर पालिका के महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर, आयुक्त अजोय मेहता, बेस्ट महाव्यवस्थापक सुरेंद्र बागड़े, बेस्ट कर्मचारी यूनियन के नेता शशांक राव की बैठक होने वाली है। इस बैठक में बेस्ट कर्मचारियों की मांग पर निर्णय लिया जा सकता है।
मिली जानकारी के अनुसार बेस्ट कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, बेस्ट उपक्रम का वार्षिक बजट मुंबई महानगर पालिका के बजट में समाविष्ट किए जाने, 2007 से भर्ती कामगारों के वेतन ग्रेड में सुधार किए जाने संबंधित मांग की है। इन्हीं मांगों पर सोमवार को बेस्ट महाव्यवस्थापक सुरेंद्र बागड़े के साथ बेस्ट कर्मचारी संगठनों के नेताओं की बैठक होने वाली थी, लेकिन बैठक में बेस्ट महाव्यवस्थापक अनुपस्थित थे। इसीलिए मध्यरात्रि से 30 हजार बेस्ट कर्मचारियों ने हड़ताल शुरु कर दिया है।
मध्य रात्रि से शुरु इस हड़ताल की वजह से बांद्रा, दादर, अंधेरी, बोरीवली, मुंबई सेंट्रल, चर्चगेट, मुंबई सीएसटी, भायखला, घाटकोपर, ठाणे, नई मुंबई के स्टेशनों पर कामकाजी लोगों को बेस्ट की बसें न होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र कुमार रेड्डी खुद बेस्टकर्मियों की हड़ताल को देखते कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। सडक़ों पर बड़े पैमाने पर पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है। अभी तक कहीं से कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *