देशव्यापी हड़ताल का बैंकिंग सेवाओं पर आंशिक असर

0

 

No

शिमला, 08 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आंशिक असर आज प्रदेश में बैंकिंग सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। हड़ताल के चलते प्रदेशभर में अधिकांश सरकारी बैंकों के कर्मचारी काम पर नहीं आए। राजधानी शिमला में कुछ राष्ट्रीयकृत बैंकों में सुबह से ताले लटके हुए हैं।
हालांकि निजी बैंकों में सामान्य रूप से कामकाज हो रहा है। भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारियों ने हड़ताल से खुद को अलग रखा| इसलिए उसकी शाखाओं में भी कामकाज सामान्य चल रहा है।
बीते बीस दिन के भीतर बैंक कर्मियों के तीसरी बार हड़ताल पर चले जाने से उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बैंक ऑफ बड़ौदा में विजया बैंक और देना बैंक के विलय के विरोध में बैंक कर्मी हड़ताल कर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश बैंक इम्प्लॉइज फेडरेशन के महासचिव प्रेम वर्मा ने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बैंकिंग सेक्टर की कई यूनियनें हिस्सा ले रही हैं।
इस बीच ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर श्रमिक संगठन सीटू से सम्बंधित विभिन्न यूनियनें दो दिन की हड़ताल कर रही हैं| इसके तहत आज राज्य सचिवालय का घेराव किया जा रहा है।
सीटू के प्रदेश अध्यक्ष जगत राम ने बताया कि सूबे के विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मी, सभी बिजली परियोजनाओं के मजदूर, होटल कर्मी, आंगनबाड़ी वर्कर, मिड डे मील व उद्योगों में कार्यरत कर्मी इस हड़ताल में हिस्सा ले रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *