लोकसभा अध्यक्ष ने किया 2019 के कैलेंडर का विमोचन

0

No

नई दिल्ली, 07 जनवरी (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने आज यहां संसदीय सौंध में लोक सभा कैलेंडर 2019 का विमोचन किया ।
आज जारी किया गया वर्ष 2019 का कैलेंडर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को विनम्र श्रद्धांजलि है। राष्ट्र महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मना रहा है और यह कैलेंडर न केवल भारत के लोगों द्वारा अपितु पूरे विश्व द्वारा गांधीवादी विचारधारा, आदर्शों एवं उनकी शाश्वत शिक्षाओं को अपनाए जाने का प्रत्यक्ष प्रमाण है। गांधीजी के प्रेरक नेतृत्व और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हमारा देश औपनिवेशिक शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की थी।
लोक सभा कैलेंडर 2019 गांधीजी एवं उनकी सहज सरलता के प्रति कृतज्ञ राष्ट्र की श्रद्धांजलि है । कैलेंडर गांधी जी की पहचान बन गई चीजों और वस्तुओं पर आधारित है, जैसे उनकी घड़ी, उनकी लाठी, उनकी पादुकाएं, उनका चश्मा या फिर उनके ‘तीन बंदर’ हो।
उल्लेखनीय है कि समृद्ध संसदीय विरासत के विभिन्न आयामों को परिलक्षित करने के लिए वर्ष 1999 में प्रति-वर्ष लोक सभा कैलेंडर को प्रकाशित किए जाने की शुरूआत की गई थी। पहला कैलेंडर“संसद भवन में भित्तिचित्र” की संकल्पना पर आधारित था।
तब से, विभिन्न विषयों को दर्शाते हुए, जैसा कि राष्ट्रीय नेताओं के चित्र और मूर्तियां, राष्ट्रपति की शोभायात्रा, संसद भवन के महत्वपूर्ण स्थल, संसदीय ज्ञानपीठ, संसदीय संग्रहालय, संसद भवन परिसर में कार्य करने वाले लोग, संसद भवन में भित्ति-लेख और इस सर्वोच्च संस्था को देखने आने वाले लोग, इन कैलेंडरों का प्रकाशन किया गया है।
वर्ष 2018 के कैलेंडर में संसद भवन की भव्य गुम्बदों, मेहराबों, कक्षों और अन्य स्थानों पर अंकित उदात्त विचारों और भारत की मेधा को दर्शाने वाली उक्तियों एवं हमारे लोगों की आकांक्षाओं को दर्शाया गया था।
इन कैलेंडरों को गण्यमान्य व्यक्तियों, लोक सभा और राज्य सभा के सदस्यों, मीडिया से जुड़े लोगों और अन्य व्यक्तियों के बीच वितरित किया जाता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *