सीबीआई की टीम बीसीसीएल के कई अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी में जुटी

0

No

धनबाद, 04 दिसंबर (हि .स. )। काले कोयले के काले खेल में गड़े अपराध के मुर्दो को एक बार फिर उखाड़ने में धनबाद सीबीआई की विशेष टीम जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कई अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। इस कड़ाके की ठंड में अभी कोयलांचल ठीक से जागा भी नहीं था कि सीबीआई की विशेष टीम की छापेमारी की खबर ने समूचे धनबाद में गर्माहट पैदा कर दी। जानकारी के अनुसार सीबीआई के अधिकारियों ने शुक्रवार की सुबह 7 बजे धनबाद के बस्ताकोला एरिया स्थित बीसीसीएल के ऑफिसर कॉलोनी में केओसीपी परियोजना के मैनेजर अरुण सिंह, गोलकडीह के सर्वेयर ललन सिंह, एमके सिंह एरिया सर्वे ऑफिसर सहित बीसीसीएल के लगभग आधा दर्जन अधिकारियों के ठिकानों पर टीम ने एक साथ छापा मारा। इससे पूरे बीसीसीएल महकमे में हड़कंप मच गया।
सूत्रों की माने तो मार्च 2018 में बीसीसीएल के गोलकडीह परियोजना के एनसी पैच में कोल स्टॉक में हुए गड़बड़झाले को लेकर सीबीआई की टीम छापेमारी कर रही है। उस वक्त ये तमाम अधिकारी इसी परियोजना में पदस्थापित थे ऐसा बताया जाता है। सूत्रों की माने तो इस छापेमारी की जद में बीसीसीएल के जीएम स्तर के अधिकारी भी है। जहाँ छापेमारी की जा रही है। हम यहाँ बता दें कि संबंधित एनसी पैच कोल स्टॉकेज में हेराफेरी को लेकर काफी लंबे समय से विवादों से घिरा रहा है। इसके चलते पहले भी यहाँ सीबीआई द्वारा छापेमारी की गई है। वहीं इस मामले में सीबीआई के अधिकारी ने इस छापेमारी अभियान में अलग-अलग आधा दर्जन सीबीआई की विशेष टीमों के शामिल होने की पुष्टि की है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक सीबीआई की छापेमारी जारी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *