कड़ाके की ठंड के बीच देर रात रैन बसेरों का हाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

0

निरीक्षण के दौरान सीएम को संतुष्ट देख अधिकारियों ने राहत की सांस ली। सीएम ने अधिकारियों को रैन बसेरों पर विशेष ध्यान देने को कहा।



लखनऊ, 27 दिसम्बर (हि.स.)। भीषण ठंडी के बीच गुरुवार की देर रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रैन बसेरों का हाल जानने लखनऊ की सड़कों पर निकल पड़े। इससे सरकारी महकमे में हड़कंप मचा गया। निरीक्षण के दौरान सीएम को संतुष्ट देख अधिकारियों ने राहत की सांस ली। सीएम ने अधिकारियों को रैन बसेरों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मुख्यमंत्री का काफिला सबसे पहले लक्ष्मण मेला मैदान स्थित रैन बसेरा पहुंचा। जैसे ही अधिकारियों को पता चला, वे उनके पीछे दौड़ लिये। वहां लोगों से मिलने के बाद सीएम नबीबुल्ला रोड स्थित रैन बसेरा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वहां महिलाओं से हालचाल और व्यवस्था के बारे में पूछा। महिलाओं द्वारा व्यवस्था सुचारू बताये जाने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। एक महिला ने बीमार होने की बात कही। इस पर सीएम ने वहां मौजूद डीएम अभिषेक प्रकाश को उसका इलाज कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने संचालक से गर्म पानी के बारे में पूछा। उनके द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सीएम ने गर्म पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। यहां से सीएम का काफिला ट्रामा सेंटर पहुंचा। वहां कुलपति एमएलबी भट्ट के साथ सीएम ने बाहर तिरपाल में लगे रैन बसेरे को देखा। लोगों को जमीन पर लेटे देखकर मुख्यमंत्री ने पूछा कि यहां की व्यवस्था कौन देखता है। डीएम ने जानकारी दी कि यह अस्पताल प्रशासन संचालित करता है। इस पर सीएम ने वहां बिस्तर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामान्य जन के साथ-साथ खासकर निराश्रित, असहाय व कमजोर वर्ग के लोगों को ठंडक से बचाने के लिए त्वरित राहत प्रदान की जाए। सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोये। नगर पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम व ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थानों पर जरूरत के अनुरूप अलाव जलाए जाएं और सुनिश्चित किया जाए कि अत्यधिक ठंड व शीतलहरी के चलते किसी भी व्यक्ति की मृत्यु भोजन, वस्त्र, आश्रय व चिकित्सा सुविधा के अभाव में न होने पाए।

मुख्यमंत्री के साथ जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी, मेयर संयुक्ता भाटिया के अलावा नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी भी मौजूद थे। अपर मुख्य सचिव गृह ने कहा कि रैन बसेरों में ठहरने वालों की संख्या अधिक होने पर आवश्यकता के अनुसार रैन बसेरों की क्षमता बढ़ाई जाए अथवा अतिरिक्त रैन बसेरों का निर्माण कराया जाए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *