ठंड के बावजूद अमेरिका में सोल्लास मना क्रिसमस

0

यही एक ऐसा पर्व है, जब सरकारी अथवा गैर सरकारी कर्मियों को क्रिसमस की पूर्व संध्या और उसके अगले दिन की छुट्टी होती है। 



लॉस एंजेल्स, 26 दिसम्बर (हि.स.)। बर्फबारी और ठंड के बावजूद अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को क्रिसमस पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। यही एक ऐसा पर्व है, जब सरकारी अथवा गैर सरकारी कर्मियों को क्रिसमस की पूर्व संध्या और उसके अगले दिन की छुट्टी होती है। ये लोग दोनों दिन मौज मस्ती करते हैं।

वैसे तो देशभर में यह पर्व मौज-मस्ती के साथ मनाया जाता है लेकिन दस ऐसे शहर हैं, जहां दूर-दूर से लोग क्रिसमस मनाने के लिए आते हैं। इनमें न्यू यॉर्क में रोकफेलर सेंटर में ‘क्रिसमस ट्री’ देखने वालों की खासी भीड़ देखी जाती है। विंडी सिटी के रूप में शिकागो में लिंकन पार्क ज़ू, सेंट लूसिया और माइल लाइट फेस्टीवल में रोशनी बहुचर्चित है। इसी तरह वाशिंगटन डीसी में नेशनल क्रिसमस ट्री और लॉस वेगास में क्रिसमस पर्व दर्शनीय होते हैं।

इस बार कैलिफोर्निया और मिड वेस्ट के ऊपरी राज्यों में तूफानी बर्फबारी और तेज बरसात के बावजूद देश के एक-तिहाई हिस्सों में क्रिसमस की खासी चहल-पहल देखी गई। उधर, देश के दक्षिणी हिस्सों में सुबह के कोहरे के बाद खिली धूप में अपने परिजनों और मित्रों के साथ लोगों ने क्रिसमस का आनंद उठाया। मौसम विभाग की मानें तो तूफानी बर्फबारी और बरसात का असर गुरुवार तक रहने की संभावना है। लॉस एंजेल्स के उत्तर में एंटेलोपे वैली में आठ इंच बर्फ पड़ी जबकि बारवरा वैली में भी तीन इंच बर्फ पड़ी। कैलिफोर्निया के सांता बारबरा, वेंचुरा और लॉस एंजेल्स काउंटी में 45 मील प्रति घंटा की रफ़्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। इस सब के बावजूद लोगों ने क्रिसमस पर जमकर लुत्फ उठाया।

अरिजोना, न्यू मेक्सिको, कोलोराडो, उठा, नेवेदा, वयोमिंग, इडाहो और मोंटाना में बर्फबारी से गुरुवार तक तापमान शून्य से 5 से दस डिग्री सेल्सियस कम होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही मिडवेस्ट के ऊपरी हिस्सों –डेकोटा, मिनिसोटा, विसकोनसिन और मिशिगन में भी बर्फबारी का आलम है। मिडवेस्ट के निचले राज्यों और दक्षिणी राज्यों में लोगों ने क्रिसमस पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *