सुब्रमण्यम स्वामी ने की अरुंधति रॉय को रासुका में गिरफ्तार करने की मांग

0

अरुंधति रॉय ने दिल्ली विश्वविद्यालय में बुधवार को एक रैली में कहा था कि लोगों को राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के काम में सहयोग नहीं करना चाहिए तथा नाम-पते की गलत जानकारी देनी चाहिए।



नई दिल्ली, 24 दिसम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता डॉ सुब्रमण्यम स्वामी ने राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) के बारे में लेखिका अरुंधति रॉय की आलोचना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देशद्रोह की संज्ञा दी है। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अंतर्गत उन्हें गिरफ्तार करने की मांग भी की है।

उल्लेखनीय है कि अरुंधति रॉय ने दिल्ली विश्वविद्यालय में बुधवार को एक रैली में कहा था कि लोगों को राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के काम में सहयोग नहीं करना चाहिए तथा नाम-पते की गलत जानकारी देनी चाहिए।

डॉ स्वामी ने कहा कि अरुंधति रॉय ने संविधान के तहत स्थापित सरकार द्वारा शुरू की गई कानूनी प्रक्रिया का विरोध कर राष्ट्रहित के खिलाफ काम किया है। वह हिन्दुओं और मुसलामानों के बीच धार्मिक वैमनस्य पैदा करने और हिन्दुओं के खिलाफ घृणा फैलाने की कोशिश कर रही हैं। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के जुड़ा गंभीर मुद्दा है।

भाजपा नेता ने कहा कि अरुंधति रॉय देश और समाज के लिए खतरा हैं तथा भारतीय दंड संहिता की धारा-123 के अंतर्गत उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। लेखिका को रासुका के तहत अविलम्ब गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक वैमनस्यता फैलाने के आरोप में भी अरुंधति रॉय के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-295ए के अंतर्गत मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

अरुंधति रॉय ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर यह गंभीर आरोप भी लगाया था कि वर्ष 2002 में गुजरात दंगों के समय जैसा हुआ उसे उत्तर प्रदेश में दोहराने की कोशिश की जा रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *