देश के 15 फीसदी गांव अगले 4 साल में होंगे डिजिटल : रविशंकर प्रसाद

0

देशभर में छह लाख है गांव की संख्या



चंडीगढ़, 25 दिसम्बर (हि.स.)। केंद्रीय दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को रेवाड़ी जिला के गांव गुरावड़ा को डिजिटल गांव घोषित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के छह लाख गांवों में से 15 फीसदी को अगले चार साल में डिजिटल गांव में बदलेगी। इससे गांव के निवासियों को एक क्लिक पर सरकार की सैकड़ों योजनाएं मिलने लगेंगी और उन्हें शहरों, ब्लॉक, तहसील तक नहीं जाना होगा। इसके साथ उन्होंने देशभर में भारत नेट से जुड़े 1.3 लाख गांवों को मार्च 2020 तक फ्री वाई-फाई सेवा देने का भी ऐलान किया। भारत नेट योजना के तहत सरकार देश की ढाई लाख पंचायतों और उससे जुड़े गांवों को ब्रॉडबैंड से जोड़ रही है और वहां पर द्रुत गति वाई-सेवा देने का लक्ष्य रख रही है। रेवाड़ी के गुरावड़ा गांव को सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निकाय सीएससी, कॉमन सर्विस सेंटर ने डिजिटल गांव में बदला है, जहां हर घर को इंटरनेट, वाईफाई कनेक्शन से जोड़ा जा रहा है।
दूरसंचार मंत्री ने कहा कि हम ढाई लाख ग्राम पंचायतों में से 1.3 लाख पंचायत तक भारत नेट पहुंचा चुके हैं। इसके माध्यम से इंटरनेट सेवाओं को लोकप्रिय बनाने के लिए हम मार्च 2020 तक भारत नेट से जुड़े सभी गांव में फ्री वाई-फाई सेवा देंगे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस सुशासन दिवस पर इस गांव को डिजिटल गांव में बदलकर उन्हें खुशी हो रही है। इसकी वजह यह है कि स्वयं अटल बिहारी वाजपेयी का कहना था कि लोगों को सशक्त बनाने के लिए प्रशासन को उत्तरदायी बनाना होगा। डिजिटल सशक्ता से यह काम काफी सरल होगा। एक क्लिक पर आम नागरिक कोई भी सरकारी सेवा हासिल कर पाएगा।
गांव गुरावड़ा की सीएससी पर उपलब्ध सेंवाओं का केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने अवलोकन भी किया। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने केंद्रीय मंत्री रवि शंकर का कोसली विधानसभा क्षेत्र के गांव गुरावड़ा को डिजिटल ग्राम बनाने पर आभार जताया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *