ठाकरे मंत्रिपरिषद का विस्तार 30 को : भुजबल

0

उसी दिन मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा कर दिया जाएगा।



मुंबई, 25 दिसम्बर (हि.स.) । राज्य के ग्राम विकास मंत्री छगन भुजबल ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार 30 दिसम्बर को करेंगे। उसी दिन मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा कर दिया जाएगा। भुजबल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के गठबंधन ‘महाविकास आघाड़ी’ में किसी भी तरह का मतभेद नहीं है। गठबंधन में शामिल तीनों दल बेहतर तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री पद को लेकर चल रहे विवाद पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया।
उल्लेखनीय है कि नागपुर में राकांपा प्रमुख शरद पवार और मुख्यमंत्री ठाकरे के बीच मंत्री पद के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री के साथ तीनों दलों के दो-दो विधायक मंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। इसके अलावा शिवसेना को 13, राकांपा को 13 और कांग्रेस को 10 मंत्री पद दिया जाना तय हुआ था। उस समय 23 दिसम्बर को मुंबई स्थित विधानभवन में 36 मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने पर सहमति बनी थी, लेकिन कांग्रेस में मंत्रियों का नाम तय नहीं हो सका था। इसी वजह से मंत्रिपरिषद का विस्तार टाल दिया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता झारखंड चुनाव में व्यस्त थे, इसलिए मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायकों के नाम तय नहीं हो सके थे। मंत्री पद के लिए कांग्रेस में कोई मतभेद नहीं है। बहुत जल्द मंत्री पद के लिए नाम तय कर दिए जाएंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *