काठमांडू, 24 दिसम्बर (हि.स.)। नेपाल में पर्यटक वीजा पर आकर अपराध में संलिप्त होने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान के तहत 122 चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी मंगलवार को दी।
समाचार पत्र हिमालयन टाइम्स के मुताबिक, राजधानी के पुलिस प्रमुख उत्तम सुबेदी ने कहा कि सोमवार को की गई छापेमारी के दौरान 122 चीनी महिलाओं और पुरुषों को हिरासत में लिया गया है। इन लोगों के बारे सूचना मिली थी कि ये लोग संदेहास्पद गतिविधियों में संलिप्त हैं।
सुबेदी ने आगे कहा कि ये चीनी नागरिक साइबर अपराध और बैंक की नकदी मशीनों को हैक करने के संदिग्ध हैं। इन्हें काठमांडू के अलग-अलग पुलिस थानों में रखा गया है। साथ ही इनके पासपोर्ट और लैपटॉप जब्त कर लिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा है कि ऐसा पहली बार हुआ है कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है।
हालांकि इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया जाहिर करने के लिए चीनी दूतावास के अधिकारी तुरंत नहीं उपलब्ध हुए, लेकिन एक अन्य पुलिस अधिकारी होबिन्द्र बोगाती ने कहा कि छापेमारी के बारे में चीनी दूतावास को पता है और उन्होंने संदिग्धों को हिरासत में लेने का समर्थन किया है।
विदित हो कि एशियाई देशों में गैर कानूनी काम करने के लिए चीनी नागरिक अक्सर हिरासत में लिए जाते हैं। पिछले सप्ताह फिलीपींस में अवैध रूप से जुआ का अड्डा चलाने के लिए 342 चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया गया था।
उल्लेखनीय है गत अक्टूबर महीने में चीन और नेपाल ने आपराधिक मामलों में एक दूसरे की सहायता करने को एक समझौता किया है। साथ ही चीन नेपाल के उर्जा, सड़क निर्माण और अस्पतालों में निवेश बढ़ा दिया है। इस वजह से भी चीनियों की उपस्थिति नेपाल में बढ़ गई है।