बीएसई ने साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए कंसल्ट के साथ किया करार

0

नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (हि.स.)। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) ने शेयर ब्रोकरों के हितों की रक्षा और साइबर सुरक्षा सेवाओं को मजबूत बनाने के लिये एसआई कंसल्ट के साथ करार किया है।
बीएसई ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि हमने विस्तृत आकलन तथा क्षमता मूल्यांकन करने के बाद सदस्यों को साइबर सुरक्षा संबंधी सेवाएं मुहैया कराने के लिये एसआई कंसल्ट का चयन किया है।
बीएसई के मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी शिवकुमार पांडेय ने कहा कि साइबर सेंध की आशंका के मद्देनजर सूचनाओं और आंकड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये ‘सेबी’ के दिशानिर्देशों का पालन करने के साथ ही बीएसई की यह लगातार कोशिश रही है कि वह अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों व सुरक्षा सेवाओं की मदद से शेयर ब्रोकरों के हितों की रक्षा करे। उन्होंने कहा कि इस भागीदारी से हम पूंजी बाजार की पारिस्थितिकी के समक्ष आ रही चुनौतियों से निपटने के लिये बेहतर स्थिति में होंगे।
उल्लेखनीय है कि बीएसई ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने सूचनाओं में सेंध की आशंका के मद्देनजर दिसम्बर 2018 में शेयर ब्रोकरों तथा शेयर बाजारों के लिये साइबर सुरक्षा के कड़े मानक तय किये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *