गुरुग्राम में लगा 10 घंटे में 8 किमी लंबा जाम

0

करीब आठ किलोमीटर लंबे जाम में हजारों लोग फंसे



गुरुग्राम, 19 दिसम्बर (हि.स.)। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में गुरुवार के जाम ने एक बार फिर से 2016 के महाजाम की याद ताजा करा दी। गुरुवार की सुबह यहां गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर स्थित सरहौल बॉर्डर पर जाम लगना शुरू हुआ और दो घंटे में शंकर चौक तक पहुंच गया। समय के साथ जमा लंबा होता गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जिले की यातायात पुलिस को जाम खुलवाने के लिए तैनात किया गया। कई स्थानों पर वाहनों के रूट बदले गए हैं। दरअसल, दिल्ली में सुरक्षा के चलते वाहनों की गहन जांच की जा रही थी। उसका असर यह हुआ कि दोपहर तक यह जाम गुरुग्राम के राजीव चौक तक पहुंच गया। किसी को फ्लाइट पकड़नी थी तो कोई काम-धंधे पर जा रहा था। हर कोई इस जाम में फंसा रहा।

गुरुग्राम और दिल्ली यातायात पुलिस भी इस जाम के आगे बेबस नजर आ रही है। हजारों लोग जाम में फंसे हैं। कोहरे के कारण कुछ फ्लाइट भी देरी से उड़ रही हैं।

इससे पहले वर्ष 2016 में लगा था 18 घंटे का महाजाम

गुरुग्राम दिल्ली सरहौल टोल प्लाजा जाम का बड़ा कारण रहा है। यहां वर्ष 2016 में महाजाम लगा था। बरसात के बीच लोगों का बुरा हाल हो गया था। पहले यहां कमर्शियल और नॉन कमर्शियल दोनों तरह के वाहनों से टोल वसूला जाता था। गुड़गांव की टोल हटाओ संघर्ष समिति और तत्कालीन डीसी पर यातायात भारती अरोड़ा के प्रयासों से प्राइवेट वाहनों के लिए टोल प्लाजा को हाई कोर्ट के आदेश पर हटा दिया गया। अब सिर्फ कमर्शियल वाहनों के लिए ही टोल प्लाजा बचा है।

पुलिस का कहना है:
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक जाम से निपटने के लिए बड़ी संख्या में यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। कई स्थानों पर रूट डायवर्ट किए गए। जहां भी संभव हो पाया, वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *