आईपीएल निलामी में कमिंस और वोक्स पर लग सकती है बड़ी बोली : पोंटिंग

0

प्लेयर ऑक्शन को लेकर दिल्ली कैपिटल्स के कोच ने बताई रणनीति



नई दिल्ली, 14 दिसम्बर (हि.स.)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग का मानाना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)-2020 की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस और इंग्लैंड के क्रिस वोक्स पर बड़ी बोली लग सकती है। पोंटिंग की नजर में ऑलराउंडर खिलाड़ी बहुत खास होते हैं। उन्होंने कहा कि ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टॉयनिस, मिशेल मार्श जैसे हरमनमौला खिलाड़ियों पर भी फ्रेंचाइजी बड़ा दाव लगा सकती है। इस बार कोलकाता में 19 दिसम्बर को आईपीएल-2020 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होगी। नीलामी के लिए 332 खिलाड़ियों को शॉर्ट लिस्ट किया गया है। आठों टीमें इस बार कुल 73 स्थानों के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में हिस्सा लेंगी।
प्लेयर ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने खिलाड़ियों के चयन को लेकर अपने फ्रेंचाइजी की रणनीति का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि नीलामी में हमारा मुख्य फोकस तेज गेंदबाजों पर होगा, खासकर विदेशी गेंदबाजों पर। उन्होंने माना कि पैट कमिंस और क्रिस वोक्स जैसे दो बड़े नामों पर बड़ी बोली लग सकती है। मेरी राय में ऑलराउंडर खिलाड़ी हमेशा खास होते हैं। इसलिए ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टॉयनिस, मिशेल मार्श, जिम्मी नीशम, कोलिन डी ग्रैंडहोम पर भी बड़ी दाव लग सकते हैं।
पोंटिंग ने कहा कि नीलामी में जाकर आपको जिस तरह के खिलाड़ियों की ज़रूरत होती है, उसके बारे में आपकी सोच एकदम स्पष्ट होनी चाहिए। पोटिंग ने उदाहरण देते हुए बताया कि जिस तरह हमारी टीम में पहले से ही तीन सलामी बल्लेबाज (शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, पृथ्वी शॉ) हैं। ऐसे में हमें और सलामी बल्लेबाज की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि आपको अपनी शुरुआती एकादश की समस्याओं के बारे में पता होना चाहिए और उसी के अनुसार आपको खिलाड़ी चुनना चाहिए।
पोंटिंग ने पिछले सत्र टीम के प्रदर्शन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र में सेमीफाइनल के मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टीम की हार निराशाजनक जरूर थी लेकिन हमने अच्छा क्रिकेट खेला।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली कैपिटल्स के पास 14 खिलाड़ी हैं। ऐसे में वो पांच विदेशी सहित 11 खिलाड़ियों को टीम के साथ जोड़ सकती है। इसके लिए वह आईपीएल की नीलामी में 27.85 करोड़ रुपये के साथ जाएगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *