अकाली दल की कमान फिर से बादल परिवार में, सुखबीर सिंह तीसरी बार बने पार्टी अध्यक्ष
अमृतसर/चंडीगढ़, 14 दिसम्बर (हि.स.)। आखिरकार शिरोमणि अकाली दल का अध्यक्ष पद एक बार फिर से बादल परिवार में ही रह गया है। सुखबीर सिंह बादल को तीसरी बार सर्वसम्मति से शिरोमणि अकाली दल का अध्यक्ष चुन लिया गया है। आज अमृतसर के तेजा सिंह समुंद्री हाल में अकाली दल के 99 स्थापना दिवस के अवसर पर डेलीगेट्स का सत्र बुलाया किया गया, जिसमें पार्टी से संबंधित 600 से अधिक डेलीगेट्स शामिल हुए, जिन्होंने सर्वसम्मति से सुखबीर सिंह बादल को पार्टी का अध्यक्ष चुना।
57 वर्षीय पूर्व मुख्य उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल तीसरी बार अकाली दल के प्रधान बने हैं। अकाली दल के वरिष्ठ नेता जत्थेदार तोता सिंह ने सुखबीर बादल के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका अनुमोदन पार्टी के नेता प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा और जगमीत सिंह बराड़ ने की। किसी अन्य लीडर ने अध्यक्ष पद के लिए किसी का नाम भी नहीं लिया। सम्मेलन में उपस्थित सदस्यों ने सुखबीर सिंह बादल के नाम पर ही सहमति जताई। पार्टी के अतिवृष्टि नेता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल खराब सेहत के चलते इस सत्र में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने अपने ना आने की क्षमा मांगते हुए सभी के नाम संदेश भेजा। जैसा कि उम्मीद प्रकट की जा रही थी कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद सुखदेव सिंह ढींडसा और उनके विधायक पुत्र परमिंदर सिंह ढींडसा इस सत्र से गायब रहे।
इससे पूर्व अकाली दल की स्थापना को लेकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के भोग डाले गए। इस अवसर पर सुखबीर सिंह बादल को सिरोपा भी भेंट किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल भी उपस्थित थीं। दूसरी ओर शिरोमणि अकाली दल से अलग हुए अकाली नेताओं ने भी अलग से पार्टी का स्थापना दिवस मनाया।