नागरिकता कानून को लेकर जामिया में प्रदर्शन जारी , सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित

0

विश्वविद्यालय ने 16 दिसम्बर से 5 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश किया घोषित



नई दिल्ली, 14 दिसम्बर (हि.स.)। नागरिकता संशोधन बिल (कैब) के कानून बनने से नाराज जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों का प्रदर्शन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी छात्रों की परीक्षा बायकाट की चेतावनी के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियातन सभी सेमेस्टर परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। साथ ही विश्वविद्यालय ने 16 दिसम्बर से 5 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।

छात्र आज भी बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के गेट के सामने एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। छात्र शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई से खासा नाराज हैं। इसमें कई छात्र और पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उनके कई साथियों को पुलिस लाठीचार्ज में गंभीर चोट लगी हैं। ऐसे में वे परीक्षा देने की स्थिति में नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में छात्राओं के चोटिल होने से स्थानीय लोगों में भी प्रशासन के प्रति गुस्सा है।

परिसर में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने पहले केवल आज होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित करने का आदेश दिया था। बाद में सभी सेमेस्टर परीक्षाओं कोस्थगित कर शीतकालीन अवकाश के बाद कराने की घोषणा की।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी अहमद अजीम ने बताया कि शुक्रवार को आंदोलन के दौरान परीक्षाएं हुई थीं लेकिन तनाव अधिक बढ़ने के कारण प्रशासन को एहतियाती तौर पर सभी सेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित करने का कदम उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि 16 दिसम्बर से 5 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। उसके बाद ही अब सेमेस्टर परीक्षाएं होंगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *