नोएडा: एक परिवार के सभी तीन सदस्यों ने की आत्महत्या

0

पति के खुदकुशी करने के चंद घंटे बाद ही पत्नी ने भी बच्ची के साथ कर ली खुदकुशी



नोएडा, 14 दिसम्बर (हि.स.)। नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना अंतर्गत सेक्टर 128 में एक महिला ने अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला के पति ने शुक्रवार को ही दिल्ली मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की थी।
क्षेत्राधिकारी प्रथम श्वेताभ पांडेय ने बताया कि शुक्रवार की रात एक्सप्रेस वे थाने को सूचना मिली थी कि सेक्टर 128 के एक घर में एक महिला ने अपनी बेटी के साथ पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतकों की पहचान मूलतः चेन्नई निवासी शिवरंजनी एवं उसकी पांच वर्षीय बेटी जयश्रीता के रूप में हुई है। श्वेताभ पांडेय के अनुसार जांच में पता चला है कि मृतका के पति भरत जे. ने शुक्रवार को ही दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली थी। उसका शव राममनोहर लोहिया अस्पताल में रखा गया था। शिवरंजनी अपने पति के शव को देख कर शाम को लौटी थी। उसके बाद उसने अपनी बेटी के साथ आत्महत्या कर ली।
 तीन माह पहले ही नोएडा शिफ्ट हुआ था परिवार
श्वेताभ पांडेय ने बताया कि भरत ने अपनी बेटी, पत्नी और भाई कार्तिक जे. के साथ सितम्बर माह में नोएडा शिफ्ट हुए थे। इससे पूर्व वह नेपाल के काठमांडू में नौकरी करते थे। भरत की बेटी सेक्टर 128 स्थित प्रोमेथयूस स्कूल में केजी की छात्रा थी और भाई दिल्ली में कोचिंग करता था। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मृतक भरत जे. के परिवार में तनाव के किसी कारण का पता नहीं चल सका है। जांच चल रही है, जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों के बारे में कुछ कहा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *