कैब से भारतीय मुसलमानों के हित प्रभावित नहीं होंगे : मोदी

0

पीएम मोदी ने धनबाद के बरवाअड्डा में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में की चुनावी सभा-कहा, कांग्रेस जानबूझकर मुसलमानों को भड़का रही है-नार्थ ईस्ट की किसी भी परपंरा पर आंच नहीं आने दूंगा



रांची, 12 दिसम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक, 2019 (कैब) से देश के मुसलमानों का कोई भी हित प्रभावित नहीं होगा, लेकिन कांग्रेस जानबूझकर मुसलमानों को भड़का रही है। आजादी के बाद पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में रहने वाले अल्पसंख्यों की रक्षा के लिए जो समझौते हुए थे उसका पालन नहीं किया गया। इसके लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आने वाले हिन्दुओं और अल्पसंख्यकों के साथ भाजपा सरकार न्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक का लाभ 31 दिसंबर, 2014 से पहले भारत आने वाले शरणार्थियों को ही मिलेगा।

गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी धनबाद के बरवाअड्डा मैदान में जिले की छह विधानसभा सीटों के भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में महती चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर में हिंसा पर चिंता जताते हुए अपील की है कि वहां के लोग कांग्रेस के बहकावे में नहीं आएं। आप अपने सेवक, अपने मोदी पर विश्वास कीजिए। नार्थ ईस्ट की किसी भी परंपरा पर आंच नहीं आने दूंगा। उनको निखारने के लिए अपने आपको खपा दूंगा। वहां के नौजवानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। कोई भी उनके अघिकार को नहीं छीन सकता।

मोदी ने कहा कि कुछ हफ्तों से मैंने झारखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में दौरा किया है। वहां का माहौल जाना है। लोगों से बातें की है। राजनीति के अनुभव के आधार पर कहता हूं, स्पष्ट है पूरे झारखंड में कमल के फूल और भाजपा की डबल इंजन की सरकार को लेकर असीम उत्साह है। पहले दो चरणों में भाजपा के पक्ष में अभूतपूर्व मतदान हुआ है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अच्छा काम किया है। स्थिर और मजबूत सरकार बनाने के लिए आपका प्रचंड समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड समेत पूरे देश को भाजपा पर इतना विश्वास इसीलिए है क्योंकि वह भाजपा ही है जो संकल्प लेने के बाद उसे पूरा करती है। जो वादा हम देश के लोगों से करते हैं उसपर पूरी ईमानदारी से अमल करते हैं।

झारखंड में मिलता है स्नेह
पीएम मोदी ने कहा कि मैं जब भी झारखंड आता हूं तो मुझे यहां बहुत स्नेह मिलता है। पूरे झारखंड में भाजपा को लेकर भरपूर उत्साह है। हम जो भी वादा देश के लोगों से करते हैं उसे पूरी ईमानदारी से निभाते हैं। जम्मू-कश्मीर में भारत का संविधान लागू कराया। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, सांसद पीएन सिंह, धनबाद लोकसभा के प्रभारी सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल समेत तमाम नेता मौजूद रहे। इनके अलावा धनबाद जिले के सभी 6 सीटों धनबाद, निरसा, टुंडी, सिंदरी, झरिया, बाघमारा के उम्मीदवारों के अलावा देवघर, मधुपुर और गांडेय के भाजपा उम्मीदवार मौजूद थे।

मंदिर निर्माण के सारे मार्ग खुल चुके हैं
पीएम मोदी ने कहा कि राम जन्मभूमि को लेकर जो विवाद सदियों से चल आ रहा था। कांग्रेस ने उसे जान-बूझकर उलझाया। अब आप खुद देख रहे हैं कि कैसे अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण के लिए सारे मार्ग खुल चुके हैं।

भाजपा सपने पूरे करती है
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में हमेशा एक विचित्र राजनीतिक माहौल बनाया। इसकी वजह से देशवासियों का घोषणा पत्रों से ही भरोसा उठ गया। लोगों को लगने लगा था कि नेता चुनाव के दौरान घोषणाएं करते हैं और फिर भूल जाते हैं। देश के लोगों में ये भावना भरने वाली कांग्रेस के इरादों के कारण ये स्थिति पैदा हुई। कांग्रेस, राजद, झामुमो, वामपंथियों ने हमेशा यही किया। लेकिन भाजपा ने सिर्फ छह महीने में दिखाया है कि संकल्प चाहे कितने भी बड़े हों, कितने भी मुश्किल हों, उसे पूरा करने के लिए हम दिन-रात एक कर देते हैं। हम चैन की नींद नहीं सोते। हर पल देशवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए आपने आपको मिटाते रहते हैं।

चौथे चरण में 16 दिसंबर को 15 सीटों पर डाले जाएंगे वोट
झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत चौथे चरण में 16 दिसंबर को 15 सीटों पर मतदान होंगे। इसमें मधुपुर, देवघर, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा विधानसभा सीटें शामिल हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *