झारखंड: सिसई के बूथ नम्बर 36 पर हिंसक झड़प, पुलिस फायरिंग में एक की मौत, मतदान रद्द

0

गुमला जिले के सिसई विधानसभा क्षेत्र के बघनी गांव के बूथ नंबर 36 पर हुई घटनासिसई थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी और पत्रकार सीताराम साहू समेत कई घायल



गुमला/रांची, 07 दिसम्बर (हि.स.)। झारखंड में दूसरे चरण के मतदान के दौरान सिसई विधानसभा क्षेत्र के 36 नंबर बूथ पर फायरिंग की घटना हुई है। इसमें एक की मौत हो गई तथा दूसरे को पैर में गोली लगी है। फायरिंग के बाद मतदान रद्द कर दिया गया। घटना के बाद वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया और मतदान व सुरक्षा कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस और ग्रामीणों की झड़प में सिसई थाना प्रभारी और दो ग्रामीण सहित कई पुलिस जवान भी घायल हुए हैं। चुनाव आयोग ने इस मामले में डीसी से रिपोर्ट मांगी है।

दूसरे चरण के मतदान के दौरान गुमला जिले के सिसई में मतदान केंद्र संख्‍या 36 पर वोट देने से रोकने पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो हई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने फायरिंग की। इसमें दो लोगों को गोली लगने की सूचना है। इनमें पुलिस की गोली लगने से जिलानी अंसारी (30)  की मौके पर ही मौत हो गई। अशफाक अंसारी को पैर में गोली लगी है।। पथराव में थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी सहित तीन पुलिस कर्मी घायल हो गये हैं। घायल थाना प्रभारी विष्णु देव चौधरी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके सिर में गहरे जख्म हैं। इसके अलावा पुलिस के जवान अखिलेश यादव और राहुल, बीडीओ के चालक सीताराम सिंह और पत्रकार सीताराम साहू भी पथराव में घायल हुए हैं। घायलों में तबरेज अंसारी (18), अशफाक अंसारी, नरेश जायसवाल आदि भी हैं। बीडीओ के चालक सीताराम सिंह को रिम्स रेफर कर दिया गया है।

सिसई विधानसभा क्षेत्र में  हैं 2.29 लाख वोटर्स

सिसई विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 29 हजार 723 वोटर हैं। इनमें पुरुष वोटर 1,15,892 और महिला वोटर 1,13,831 हैं। इस बार चुनावी मैदान में 10 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें भाजपा उम्मीदवार व झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष प्रो. दिनेश उरांव, झामुमो के जिग्गा सुसिरन होरो, झाविमो के लोहरमैन उरांव, झापा की सुनीता टोपनो, बसपा के संतोष मछली, नागरिक अधिकार पार्टी के सुखदेव उरांव, रादपा के पुनीत भगत, रामपा के मुक्तिलता टोप्पो, निर्दलीय शशिकांत भगत और संजीत मिंज शामिल हैं। सिसई विधानसभा की सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की सीट है, क्योंकि यहां से मौजूद विधायक दिनेश उरांव दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। दिनेश उरांव विधानसभा अध्यक्ष भी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *