‘निर्भया’ के कातिलों को फांसी पर लटकाना चाहता है मेरठ का पवन जल्लाद
मेरठ, 05 दिसम्बर (हि.स.)। देश की राजधानी दिल्ली में हुए निर्भयाकांड के आरोपितों को फांसी पर लटकाने का देश की सवा करोड़ जनता इंतजार कर रही है। दूसरी ओर निर्भया के कातिलों को फांसी पर लटकाने के लिए मेरठ के पवन जल्लाद ने अपनी ओर से पेशकश की है।
कई पुश्तों से जल्लाद के पेशे से जुड़ा कालू जल्लाद ब्रिटिश हुकूमत के समय भी कई लोगों को फांसी पर लटका चुका है। कालू की मौत के बाद इस पुश्तैनी काम को उनके पुत्र पवन ने संभाला। वर्तमान समय में निर्भया हत्याकांड के आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं और उन्हें फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। आरोपितों ने राष्ट्रपति के यहां दया अपील लगाई है जिस पर सुनवाई होनी बाकी है। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के भगवतपुरा इलाके में रहने वाले पवन जल्लाद ने बताया कि उसके सिवा उत्तर प्रदेश में सिर्फ एक और जल्लाद है, जो लखनऊ में रहता है। पवन ने निर्भया कांड के आरोपितों को फांसी देने में की जा रही देरी पर अफसोस जाहिर करते हुए राष्ट्रपति के हर फैसले का सम्मान करने की भी बात कही।