खेलो इंडिया यूथ गेम का शुभंकर, लोगो, जर्सी और थीम सॉन्ग जारी

0

गुवाहाटी, 01 दिसम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के साथ केंद्रीय खेल और युवा कल्याण राज्य (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री किरण रिजिजू ने शनिवार रात अगले वर्ष जनवरी में गुवाहाटी में होने वाले तीसरे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2020 का शुभंकर, लोगो और जर्सी का उद्घाटन राजधानी के सोरूसजाई स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में एक कार्यक्रम के दौरान किया। कार्यक्रम के दौरान खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2020 का थीम सॉन्ग भी जारी किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सोनोवाल ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2020 को असम का प्रत्येक नागरिक बेहद उत्सुकता के साथ इंतजार कर रहा है। इसे सफल बनाने के लिए राज्यवासी पूरी तरह से संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी असम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खेल जगत में परिवर्तन लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर के राज्यों को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए प्रयासरत हैं। ऐसे में युवाओं को कठोर परिश्रम के जरिए खेल क्षेत्र में सफलता के झंडे गाढ़ने होंगे। माता-पिता, शिक्षक के साथ ही समाज को युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास करना होगा।

मुख्यमंत्री सोनोवाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिता के जरिए असम के खिलाड़ियों को स्वयं की प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक स्वर्णिम अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में 10 हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसलिए इसे आधुनिक रूप में स्थापित करने का प्रयास हो रहा है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के खेल को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री रिजीजू ने कहा कि गुवाहाटी वर्तमान दौर में खेल के क्षेत्र में एक विशेष स्थान हासिल कर चुका है। इस प्रतियोगिता के जरिए असम और पूर्वोत्तर के युवाओं को अपनी शक्ति ही नहीं, सभ्यता, संस्कृति का प्रदर्शन करने का भी बेहतरीन अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि 2024 और 2028 में होने वाले ओलंपिक में भारत विश्व के 10 शीर्ष देशों में अपना स्थान बना सके, इसके लिए खेल मंत्रालय एक लक्ष्य निर्धारित कर अभी से अपनी तैयारियों को अमली जामा पहना रहा है।

कार्यक्रम में असम सरकार के परिवहन और उद्योग मंत्री चंद्रमोहन पटवारी, स्वास्थ्य विभाग के राज्य मंत्री पीयूष हजारिका, गुवाहाटी की सांसद क्वीन ओझा, राज्यसभा सांसद रानी नरह के अलावा कई विधायक, भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रधान निदेशक, शीर्ष अधिकारी और खेल जगत की कई नामचीन हस्तियां मौजूद थीं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *