पी. चिदंबरम की जमानत याचिका का ईडी ने किया विरोध

0

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि इस मामले में कार्ति की गिरफ्तारी अभी होनी है, स्टे हटते ही पकड़े जाएंगे 



नई दिल्ली, 28 नवम्बर (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट में पी. चिदंबरम की जमानत याचिका का ईडी ने विरोध किया। ईडी की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि चिदंबरम की तरफ से कहा गया है कि मैं रंगा-बिल्ला नहीं हूं, तो मुझे क्यों जेल में रखा जा रहा है? इसका जवाब ये है कि इस अपराध की गंभीरता समाज पर प्रभाव डालती है। सुनवाई अभी जारी है।
तुषार मेहता ने कहा कि आम आदमी का सिस्टम से भरोसा खत्म हो जाएगा। आरोपित वित्त मंत्री के पद पर थे। मेहता ने कहा कि एक गवाह ने उनके साथ आमने-सामने बैठने से मना कर दिया। उस गवाह ने कहा कि वो बहुत प्रभावशाली हैं। तुषार मेहता ने कहा, क्या हम तभी करवाई करेंगे जब अपराध करने वाला रंगा-बिल्ला होगा? मेहता ने कहा कि चिदंबरम इतने प्रभावशाली हैं कि एक गवाह चिदंबरम के सामने बयान देने से पीछे हट गया। ये इनका प्रभाव ही था कि गवाह ने आमना-सामना करने से मना कर दिया। हमने उसका बयान दर्ज किया है जो सीलबंद लिफाफे में अदालत को दिया है।
मेहता ने कहा कि ईडी के मामले में कार्ति चिदंबरम की गिरफ्तारी अभी होनी है। उन्होंने अब तक अग्रिम जमानत की अर्जी नहीं लगाई है। मनी लांड्रिंग के कुछ प्रावधानों को उन्होंने चुनौती दे रखी है। लिहाजा अदालत में उन प्रावधानों पर लगे स्टे की वजह से वो अब तक बचे हुए हैं। कोर्ट का स्टे हटते ही वो गिरफ्तार होंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *