महाराष्ट्र : गढ़चिरौली में पांच महिला समेत छह नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

0

सभी पर था कुल 31.50 लाख का इनाम



गढ़चिरौली, 27 नवम्बर (हि.स.) । महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में बुधवार को छह नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें पांच महिला और एक पुरुष नक्सली शामिल हैं। सभी पर कुल 31 लाख 50 हजार रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने अपने अन्य साथियों को बंदूक छोड़कर विकास की मुख्य धारा में लौटने का आह्वान किया है।
गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक शैलेश बलकवडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दुर्दांत नक्सली संदीप चमरू वड्डे, मनीषा जगनुराम कुरचामी, स्वरपा सुकलु आतला, अग्नी मोतिराम तुलावी, ममता राजू पल्लो और तुलसी सन्नु कोरामी ने आत्मसमर्पण किया है। महिला नक्सलियों ने भेदभाव और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्मसमर्पण किया है। सभी छह नक्सलियों की उम्र 30 साल से कम है। संदीप चमरू कुरपना दलम का कमांडर है।
आत्मसमर्पण करने वाले संदीप (30 वर्ष) 2009 में नक्सलियों के कसनुर दलम में शामिल हुआ था। संदीप 17 मुठभेड़ों में शामिल रहा है। उस पर अपहरण के दौ, आगजनी के सा, हत्या के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर छह लाख 25 हजार रुपये का इनाम रखा था। दिसम्बर 2003 में टिगडापाड दलम में भर्ती हुई मनीषा कुरचामी (30 वर्ष) बाली और गंगाबाई नाम से जानी जाती है। उस पर नौ  मुठभेड़, एक हत्या और दो आगजनी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर पांच लाख 25 हजार रुपये का इनाम रखा था।
स्वरपा उर्फ सरिता सुकलु आतला (23 वर्ष) अगस्त 2014 में चातगांव दलम में भर्ती हुई थी। बाद में वह टिपागड दलम में शामिल हो गई। स्वरपा पर मुठभेड के छह और हत्या के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर पांच लाख रुपये का इनाम रखा था। अप्रैल 2008 में नक्सल आंदोलन से जुड़ी अग्नी तुलावी (25 वर्ष) पर मुठभेड़ के 14, आगजनी के तीन और हत्या के पांच मामले दर्ज हैं। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम रखा गया था। ममता राजू पल्लो 2016 में नक्सल आंदोलन में शामिल हुई थी। उस पर मुठभेड़ के तीन और आगजनी का एक मामला दर्ज है। ममता पर पांच लाख रुपये का इनाम है। तुलसी कोरामी 2010 में कसनुर दलम में शामिल हुई थी। तुलसी के खिलाफ छह मुठभेड़ों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने तुलसी पर 5 लाख रुपये का इनाम रखा था।
गढ़चिरौली जिले में इस वर्ष अब तक 29 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। दलम कमांडर संदीप के साथ पांच महिला नक्सलियों का आत्मसमर्पण पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *