महाराष्ट्र : उद्धव ठाकरे एक दिसम्बर को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

0

झूठ बोलना हमें बर्दाश्त नहीं : उद्धव ठाकरेमहाविकास आघाड़ी देश के लिए बनेगी मार्गदर्शक : शरद पवारप्रधानमंत्री मोदी को शपथ विधि कार्यक्रम में करेंगे आमंत्रित : संजय राऊत



मुंबई, 26 नवम्बर (हि.स.)। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को राज्य का मुख्यमंत्री बनाए जाने का निर्णय मंगलवार को होटल ट्राइडेंट में आयोजित शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस की संयुक्त बैठक में लिया गया। इस बैठक में तीनों दलों के गठबंधन को महाविकास आघाड़ी का नाम भी दिया गया है। बैठक में तय किया गया कि महाविकास आघाड़ी के नेता उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोध दादर स्थित शिवाजी पार्क मैदान पर आयोजित की जाएगी। इस मैदान पर शपथ विधि की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इस मौके पर शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शपथ विधि कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा।
महाराष्ट्र के भावी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कभी नहीं सोचा था कि वह मुख्यमंत्री बनेंगे। उद्धव ने कहा कि आज उन्हें बालासाहेब ठाकरे और मां साहेब की याद अचानक ताजा हो गई। बालासाहेब की प्रेरणा से ही वह संघर्ष का सामना करते रहे हैं। उद्धव ने कहा कि जीवन में कभी भी उन्हें झूठ बोलना सहन नहीं हुआ। आज पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जाते-जाते फिर से उन्हें झूठा साबित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा किभले ही फडणवीस के हिंदुत्व में झूठ बोलने की इजाजत हो लेकिन उनके हिंदुत्व इसकी कोई गुंजाइश नहीं।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि उन्हें पता है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी में कीलें बहुत रहती हैं। जाने वाला मुख्यमंत्री कील ठोंककर ही जाता है लेकिन उनके साथ बहुत से वरिष्ठ व अनुभवी लोग हैं। वह सभी मुख्यमंत्री ही है और उनके सहयोग से हम हर तरह की समस्याओं से पार पाने में सफल होंगे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि सूबे की जनता को लगना चाहिए कि वह सरकार उनकी है, इसका वह प्रयास करेंगे। इसी तरह उनका प्रयास रहेगा कि राज्य के किसानों की हालत सुधरे। इसी प्रकार वह किसी भी कीमत पर बदले की भावना से काम नहीं करेंगे।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि राज्य में बनने वाली महाविकास आघाड़ी की सरकार पूरे देश के लिए मार्गदर्शक साबित होने वाली होगी। इस सरकार का गठन होने के कुछ ही दिनों बाद सरकार का कामकाज लोगों को दिखने लगेगा। सरकार गठन होने से पहले हर मुद्दों पर चर्चा की गई है। इसलिए सरकार चलाने में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं आने वाली।
मंगलवार को ट्राइडेंट होटल में शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस सहित अन्य छोटे दलों के नेता व विधायक उपस्थित रहे। इस बैठक में सरकार चलाने के लिए कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तय किए गए हैं। साथ ही बैठक में तय किया गया है कि महाविकास आघाड़ी की सरकार सभी भाषा, सभी धर्म व सभी जाति के लोगों के विकास के लिए काम करेगी। साथ ही सूबे में सामाजिक समरसता को बनाने का भी प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि उद्धव ठाकरे के साथ सभी दल के नेता राजभवन में जाएंगे और सरकार गठन करने का दावा करेंगे। मलिक ने कहा कि महाविकास आघाड़ी के नेता एक दिसम्बर को शिवाजी पार्क मैदान में शपथ ग्रहण करने वाले हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *