मनोज तिवारी को मुख्यमंत्री बनाने के बयान पर हरदीप पुरी ने दी सफाई

0

मेरे बयान का मतलब था कि भाजपा उनके नेतृत्व में भारी मतों से आगामी चुनाव जीतेगी।



नई दिल्ली, 24 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को मुख्यमंत्री बनाने के बयान पर मचे बवाल के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सफाई देते हुए कहा कि पार्टी ने अब तक मुख्यमंत्री पद के लिए किसी को नामित नहीं किया है।

केंद्रीय मंत्री पुरी ने ट्वीट कर सफाई देते हुए कहा, दिल्ली में भाजपा विजय की ओर अग्रसर है। पार्टी ने अब तक मुख्यमंत्री पद के लिए किसी को नामित नहीं किया है। मनोज तिवारी दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हैं। पार्टी उनके नेतृत्व में पूरे जोश से काम कर रही है। मेरे बयान का मतलब था कि भाजपा उनके नेतृत्व में भारी मतों से आगामी चुनाव जीतेगी।

इससे पूर्व उन्होंने उत्तर पूर्वी लोकसभा में आयोजित पार्टी के शहरी केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था, ‘हमारे नेता मनोज तिवारी के नेतृत्व में हम आगामी विधानसभा  चुनाव लड़ने जा रहे हैं और इनको हम मुख्यमंत्री बना कर ही छोड़ेंगे’।

केंद्रीय मंत्री के इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने दिल्ली के चुनाव को तिवारी बनाम केजरीवाल बनाने पर खुशी जाहिर करते हुए ट्वीट करना शुरू कर दिया। अधिकांश ट्वीट संदेशों में इसे आम आदमी पार्टी के लिए खुशखबरी बताते हुए दावा किया गया कि अब केजरीवाल 55 से अधिक सीटें जीतेंगे। इससे थोड़े ही समय में मनोज तिवारी हैस टैग ट्विटर पर टॉप ट्रेंड करने लगा। वहीं इससे स्वयं को मुख्यमंत्री पद का दावेदार मानकर तैयारी में जुटे भाजपा के अन्य नेताओं के बीच खलबली मच गई।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *