पुरी के बयान का आप ने किया स्वागत, कहा- अब मैच तय है ‘केजरीवाल बनाम मनोज तिवारी’

0

आप का कहना है कि अब दिल्ली विधानसभा का चुनाव ‘अरविंद केजरीवाल बनाम मनोज तिवारी’ हो जाएगा।



नई दिल्ली, 24 नवम्बर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के उस बयान का स्वागत किया है, जिसमें उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में मनोज तिवारी को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाने के बाद ही आराम करने की बात कही है। आप का कहना है कि अब दिल्ली विधानसभा का चुनाव ‘अरविंद केजरीवाल बनाम मनोज तिवारी’ हो जाएगा।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राघव चड्ढा ने रविवार को ट्वीट कर कहा, “हम आगामी दिल्ली चुनावों के लिए मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करने के लिए भाजपा के इस कदम का स्वागत करते हैं। अब मैच तय है, जो ‘अरविंद केजरीवाल बनाम मनोज तिवारी’ बनने जा रहा है” चड्ढा ने आगे भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, “याद रखें, ये वही मनोज तिवारी हैं, जिन्होंने महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस की सवारी की निंदा की और बिजली दरों में वृद्धि की भी निंदा की थी।”
आप नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी कहा कि भाजपा वालों ने मनोज तिवारी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया, अब 2015 का भी रिकार्ड अरविंद केजरीवाल तोड़ेगें।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि मैं मनोज तिवारी को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर बधाई देता हूँ।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री और दिल्ली चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सह प्रभारी हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया। हालांकि पार्टी की तरफ से आधिकारिक रूप से अभी उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है।
उत्तर पूर्वी लोकसभा में आयोजित पार्टी के शहरी केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरदीप पुरी ने कहा, ‘हमारे नेता मनोज तिवारी के नेतृत्व में हम आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं और इनको हम मुख्यमंत्री बना कर ही छोड़ेंगे।’ पुरी के इस बयान के बाद आप ने यह प्रतिक्रिया दी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *