रोजवैली चिटफंड कोलकाता में पांच जगहों पर ईडी की छापेमारी

0

इनमें से दो न्यूटाउन में  एक डनलप और दो अन्य‌ जगहों पर तलाशी अभियान चल रहा है।



कोलकाता, 21 नवम्बर (हि.स.)। हजारों करोड़ रुपये के रोजवैली चिटफंड घोटाला मामले में धन शोधन की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने गुरुवार को कोलकाता में पांच जगहों पर छापेमारी की है। इनमें से दो न्यूटाउन में  एक डनलप और दो अन्य‌ जगहों पर तलाशी अभियान चल रहा है।
इसमें से न्यू टाउन में एक मनोरंजन टेलीविजन कंपनी पावरकॉर्ड एंटरटेनमेंट लिमिटेड के मालिक रूपल कविराज का आवास है। न्यूटन में स्थित इस घर में सबसे पहले ईडी की टीम पहुंची थी और वहां तलाशी अभियान चलाया गया है। अन्य जगहों में भी आरोपितों का आवास अथवा उन लोगों का दफ्तर है जिन्होंने चिटफंड कंपनी से मौद्रिक लाभ लिया था। इनमें से एक गौतम कुंडू की पत्नी शुभ्रा कुंडू का आवास भी है।
ईडी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि गुरुवार सुबह  से शुरू हुई छापेमारी के देर शाम तक चलने की संभावना है। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। हालांकि किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। उल्लेखनीय है कि ईडी ने चिटफंड कंपनी कि सैकड़ों करोड़ रुपये की संपत्ति पहले ही कुर्क कर ली है। इसमें कंपनी के रेस्तरां, जमीन और कई ऐसे प्लॉट हैं जो गैरकानूनी तरीके से बाजार से उठाए गए और करोड़ों रुपये से खरीदे गए हैं। रोजवैली समूह का मालिक गौतम कुंडू फिलहाल जेल में हैं। उसने कई ऐसे लोगों का नाम बताया है जिसने कंपनी से वित्तीय लाभ लिया था । उनमें से एक रूपल कविराज भी हैं जो उक्त मनोरंजन ‌टेलीविजन कंपनी के मालिक हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *