गोपालगंज में टाइल्स से दबकर छह बच्चों की मौत

0

जेसीबी से टाइल्स के मलबा को हटाकर बच्चों के शव को पुलिस ने निकाल लिया है।



गोपालगंज,18 नवम्बर (हि. स.)। गोपालगंज के बरौली थाना के सरेया नरेंद्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होने से गांव में कोहराम मच गया। सुबह -सुबह ट्रक से दबाकर छह बच्चों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार समेत जिला प्रशासन के आलाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं। जेसीबी से टाइल्स के मलबा को हटाकर बच्चों के शव को पुलिस ने निकाल लिया है। इस हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सरेया नरेंद्र पंचायत की मुखिया मेम तारा बेगम का मकान बन रहा था। मकान में टाइल्स लगाने के लिए राजस्थान से ट्रेलर से टाइल्स मंगायी गयी थी।ट्रेलर मांझी-बरौली पथ पर सरेया नरेंद्र के पास पुलिया पार कर रहा था।इसी बीच, पुलिया धंस गयी और ट्रेलर पलट गया। पुलिया के नीचे बकरी चरा रही बच्चियां टाइल्स के मलबे में दब गयीं। जेसीबी लेकर पुलिस पहुंची।जब तक टाइल्स हटाया गया, तब तक छह बच्चियों की मौत हो चुकी थी। फिलहाल बरौली, सिधवलिया, मांझा समेत पांच थानों की पुलिस और डीएम-एसपी मौके पर कैंप कर रहे हैं। मृत बच्चियों में रमेश महतो की 17 वर्षीया पुत्री काजल कुमारी, राजू महतो की 12 वर्षीया पुत्री लाली कुमारी, धर्मा महतो की 12 वर्षीया पुत्री काजल कुमारी, राजेंद्र महतो की 11 वर्षीया पुत्री प्रीति कुमारी, हरि महतो की 10 वर्षीया पुत्री अनीता कुमारी, राजू महतो की पुत्री नीलम कुमारी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *