जीएसटी में सरकारी खजाने को 108 करोड़ का चूना लगाने वाले गिरोह का भंडाफोड़

0

वित्त मंत्रालय के मुताबिक गिरोह ने 900 करोड़ रुपये का इनवॉयस जारी कर सरकार को अब तक 108 करोड़ रुपये के कर का चूना लगाया है।



नई दिल्ली, 17 नवम्बर (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली स्थित जीएसटी कमीशनरी ने बिना माल एवं सेवाओं की आपूर्ति किए इनवॉयस जारी कर सरकारी खजाने को 108 करोड़ रुपये का चूना लगाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
वित्त मंत्रालय ने  बयान जारी कर बताया कि जीएसटी में सरकारी खजाने को 108 करोड़ रुपये का चूना लगाने वाले यह रैकेट ‘रॉयल सेल्स इंडिया’ तथा 27 अन्य फर्जी कंपनियों का संचालन कर रहा था। उनके नाम पर इनवॉयस जारी करता था। ये सभी 28 कंपनियां वास्तव में अस्तित्व में नहीं थीं। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर पटियाला हाउस कोर्ट में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक गिरोह ने 900 करोड़ रुपये का इनवॉयस जारी कर सरकार को अब तक 108 करोड़ रुपये के कर का चूना लगाया है। ये फर्जी कंपनियों का जीएसटीएन में पंजीकरण कराते थे। गरीब लोगों के दस्तावेज जमा कराकर उन्हें इन कंपनियों के मालिक के तौर पर दिखाया जाता था। इन कंपनियों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में पड़ी 1.58 करोड़ रुपये की जमा के लेनदेन पर भी तत्काल रोक लगा दी गई है। मंत्रालय ने बताया कि इस पूरे फर्जीवाड़े से सबसे ज्यादा लाभांवित होने वाले लोगों तक पहुंचने के लिए मामले की आगे जांच की जा रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *