तीसरी सूची जारी हो चुकी है, बाकी सीटों की घोषणा जल्द : ओपी माथुर

0

हमारी 9 सीटें अभी शेष बची हैं, अब आजसू को निर्णय लेना है इसलिए उनसे पूछिए’जमशेदपुर पश्चिम से सरयू राय के टिकट पर केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड करेगा निर्णय



रांची, 15 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में भाजपा और आजसू के बीच रिश्ते सुधरते नजर नहीं आ रहे हैं। गठबंधन टूट ही चुका है, लेकिन दोनों दल एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ने के चक्कर में हैं। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व झारखंड चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि हम चुनाव में जा रहे हैं। तीसरी लिस्ट जारी हो चुकी है और कुछ सीटें बचीं हैं, जो एक-दो दिनों में जारी हो जाएगी।
शुक्रवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर वे मीडिया से बातचीत कर रहे थे। आजसू के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम आजसू के रुख का इंतजार कर रहे हैं। हमारी 9 सीटें अभी शेष हैं, अब निर्णय उन्हें लेना है कि भाजपा के साथ आना है या अकेले चुनाव में जाना है। उनसे पूछिए कि वो क्या सोच रहे हैं, यह उनसे जुड़ा विषय है। अब गेंद पूरी तरह आजसू के पाले में है। उन्होंने कहा कि हम गठबंधन को बनाए रखना चाहते हैं। कई बार सीटों के बंटवारे में बातें नहीं बनती हैं, फिर भी हमें चुनाव में सौहार्दपूर्ण तरीके से जाना चाहिए।
तीसरी सूची में भी जमशेदपुर पश्चिम से भाजपा के दिग्गज नेता सरयू राय का नाम नहीं आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को निर्णय करना है। क्या झारखंड में भाजपा की रणनीति फेल हो रही है, इस पर ओपी माथुर ने कहा कि हमारी रणनीति कभी फेल नहीं होती। भाजपा निश्चित तौर पर 65 प्लस का आंकड़ा पार करेगी। 23 दिसंबर को देख लीजिएगा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *