फरीदाबाद : चोरी का विरोध करने पर दिया था फरीदाबाद चौहरा हत्याकांड को अंजाम

0

मुकेश पर बहुत कर्ज हो गया था। उसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने गुनाह का रास्ता अपनाया।



फरीदाबाद, 15 नवम्बर (हि.स.)। सेक्टर-7ए में हुए चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। आरोपित ने चोरी के उद्देश्य से डाॅक्टर, उसकी पत्नी और बेटी-दामाद की उनके विरोध करने पर हत्या कर दी थी।

शुक्रवार की शाम पत्रकार वार्ता के दौरान एसीपी क्राइम अनिल कुमार ने बताया कि आरोपित मुकेश (25) पुत्र रामपाल सिंह निवासी झुग्गी न0 47 न्यू राजीव कालोनी डबुआ मंडी फरीदाबाद 10वीं तक पढ़ा है। वह सेक्टर 7 की मार्केट में जिम ट्रेनर था। मुकेश पर बहुत कर्ज हो गया था। उसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने गुनाह का रास्ता अपनाया।

मुकेश चोरी करने के लिए डाॅ प्रवीण मेहंदीरता के मकान में घुसा था। उनके विरोध करने पर मुकेश ने डाक्टर की ह्त्या कर दी। इसके बाद उनकी पत्नी सुदेश की ह्त्या कर दी। तब तक डाक्टर की बेटी प्रियंका पति सौरभ के साथ आ गई। मुकेश ने पकड़े जाने के डर से उन दोनों की चाकू से गले पर वार करके हत्या कर दी। इससे पहले आरोपित ने डाक्टर के मकान की रेकी की थी।

मुकेश को पता था कि डाॅक्टर का बेटा दर्पण मेहंदीरता रात के वक्त ड्यूटी पर जाता है। इसलिए उसने रात को ही चोरी करने की योजना बनाई थी। और यही कारण था कि दर्पण बच गया। पुलिस ने वारदात में प्रयोग किया गया चाकू बाटापुल के कबाड़ से बरामद कर लिया है। चोरी किए गए आभूषण भी बरामद हो गए हैं। शनिवार को आरोपित की पुलिस रिमांड पूरी हो रही है। उसे पुन: अदालत में पेश किया जाएगा। वहां से फिर रिमांड पर लेकर पुलिस खून से सने कपड़े, जूते व अन्य साक्ष्य जुटाएगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *