महाराष्ट्र में शिवसेना के नेतृत्व में बनेगी सरकार : राउत

0

इससे पहले गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया था कि भाजपा की सरकार फिर आएगी।



मुंबई, 15 नवम्बर (हि.स.)। शिवसेना सांसद संजय राउत ने फिर कहा है कि महाराष्ट्र में शिवसेना के ही नेतृत्व में सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री शिवसेना का होगा। उन्होंने कहा कि शिवसेना की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। इससे पहले गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया था कि भाजपा की सरकार फिर आएगी।
राउत ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, कांग्रेस और एनसीपी से हमारी बातचीत चल रही है। हम महाराष्ट्र के हित के लिए साझा कार्यक्रम तैयार कर रहे हैं। सूखा, बारिश और इंफ्रास्ट्रक्चर हमारी प्राथमिकता होगा। तीनों दलों के फार्मूले पर शिवसेना पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे फैसला लेंगे। राउत ने कहा कि चाहे एक दल हो या 25 पार्टियों का गठबंधन हो, सरकार साझा कार्यक्रम पर ही चलती है। हमारी बातचीत चल रही हैं। महाराष्ट्र के हित को ध्यान में रखते हुए साझा कार्यक्रम तय किया जाएगा। राउत ने कहा कि सिर्फ पांच साल के लिए नहीं बल्कि अगले 25 साल तक शिवसेना का ही मुख्यमंत्री होगा।
राउत ने यह कहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस की चुटकी ली कि हम यह नहीं कहेंगे कि मैं फिर आऊंगा…मैं फिर आऊंगा…मैं फिर आऊंगा…। राउत ने कहा कि शिवसेना, कांग्रेस, एनसीपी तीनों पार्टियां साथ आ रही हैं। हमारी बातचीत उचित दिशा में चल रही है। महाराष्ट्र के हित के लिए हम स्थाई और भरोसेमंद सरकार देंगे। शिवसेना जिन पार्टियों के साथ सरकार बनाने जा रही है, उन्हें लंबे समय तक सरकार चलाने का अनुभव है। हम महाराष्ट्र में ही रहेंगे, क्योंकि हमारा मूल महाराष्ट्र से जुड़ा हुआ है।
ऐसे संकेत हैं कि शिवसेना ने मुख्यमंत्री और कांग्रेस व एनसीपी के लिए उप मुख्यमंत्री का प्रस्ताव दिया है। शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन 17 नवम्बर को सरकार बनाने का दावा पेश कर सकता है। रविवार को शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि है। तीनों दलों ने साझा कार्यक्रम का मसौदा तैयार कर लिया है। मसौदा कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, एनसीपी मुखिया शरद पवार और उद्धव ठाकरे को भेजा गया है। तीनों जल्द इस पर निर्णय लेंगे। शरद पवार दिल्ली जाकर सोनिया गांधी से मुलाकात करने वाले हैं। शुक्रवार को तीनों दलों के नेताओं फिर बैठक होने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *