हरियाणा: मंत्रिमंडल का विस्तार, 6 कैबिनेट और 4 राज्य मंत्रियों ने ली शपथ

0

मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने 27 अक्टूबर को शपथ ग्रहण की थी।



चंडीगढ़, 14 नवम्बर (हि.स.)। हरियाणा में एक बार फिर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में मंत्रियों की टीम दूसरी पारी खेलने को तैयार है। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने गुरुवार को राजभवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान छह विधायकों को कैबिनेट तथा चार विधायकों को राज्यमंत्री (स्वंतत्र प्रभार) के रूप में शपथ दिलाई।

मनोहर सरकार के गठन के 17 दिन बाद हुए इस विस्तार में कई ऐसे चेहरे मंत्री बनने से चूक गए हैं जिनका नाम पिछले कई दिनों से चल रहा था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने 27 अक्टूबर को शपथ ग्रहण की थी।
हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने कार्यक्रम का संचालन किया। राज्यपाल ने सबसे पहले अंबाला छावनी से भाजपा विधायक अनिल विज को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलवाई। इसके बाद जगाधरी से भाजपाविधायक कंवरपाल, बल्लभगढ़ सेभाजपा विधायक मूलचंद शर्मा, रानियां से निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला, लोहरू से भाजपा विधायक जयप्रकाश दलाल तथा बावल से भाजपा विधायक डॉ.बनवारी लाल को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलवाई।
मनोहर सरकार में स्वतंत्र प्रभार वाले चार राज्य मंत्री है। कैबिनेट मंत्रियों को शपथ दिलवाने के बाद राज्यपाल ने नारनौल से भाजपा विधायक ओमप्रकाश यादव, कलायत से भाजपा की महिला विधायक कमलेश ढांडा, उकलाना से जननायक जनता पार्टी के विधायक अनूप धानक तथा पिहोवा से भाजपा विधायक संदीप सिंह को पद व गोपनीयता की शपथ दिलवाई।संदीप सिंह ने पंजाबी भाषा  में शपथ ली।
आज जिन मंत्रियों को शपथ दिलवाई गई है उनमें भाजपा के पांच कैबिनेट तथा तीन राज्य मंत्री, जजपा कोटे से एक राज्य मंत्री तथा निर्दलीय कोटे से एक कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। 90 सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा में मंत्रियों की संख्या 14 तक हो सकती है। जिसके चलते अब दो मंत्रियों के पद खाली बचे हैं। राजभवन में बनाए गए मुख्य मंच पर राज्यपाल के अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के अलावा केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, रतनलाल कटारिया, हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रभारी डॉ.अनिल जैन, भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला, भाजपा के संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, जननायक जनता पार्टी के अध्यक्ष निशान सिंह समेत कई नेता मौजूद थे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *