महिला क्रिकेट : भारत ने दूसरे टी-20 मैच में वेस्टइंडीज को 10 विकेट से हराया

0

पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त हासिल की



सेंट लूसिया, 11 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 मैच में वेस्टइंडीज को 10 विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। रविवार देर रात खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाए,जवाब में भारत ने 11 ओवरों में ही बिना कोई विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर लिया।

भारत की तरफ से 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने एक बार फिर शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 35 गेंदों पर 69 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और दो छक्के लगाए। शेफाली का साथ देते हुए स्मृति मंधाना ने भी 28 गेंदों पर 30 रनों की धैर्य भरी पारी खेली। इस पारी में मंधाना ने 4 चौके लगाए।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम की शुरुआत खराब रही और उसने 15 के स्कोर पर ही दो विकेट गंवा दिए। हेली मैथ्यूज और नेशन ने तीसरे विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने का प्रयास किया। 49 के कुल योग पर मैथ्यूज (23) का विकेट गिरा। इसके बाद, नेशन (32) ने नताशा मैकलीन (17) के साथ 32 रन जोड़े।  नाइट आठ और आलिया एलिनी एक रन बनाकर नाबाद रहीं। वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवरों में सात विकेट पर 103 रन ही बना पाई। भारत के लिए दीप्ति ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए जबकि राधा यादव, पूजा और शिखा पांडे को एक-एक विकेट मिला। दीप्ति को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *