राजद ने जारी की 5 उम्मीदवारों की सूची, हुसैनाबाद ने संजय यादव और चतरा से सत्यानंद भोक्ता

0

पहले चरण के लिए होने वाले चुनाव के लिए 11 को करेंगे नामांकन राजद प्रत्याशीकोडरमा और बरकट्ठा से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जायेगी बाद में



रांची, 10 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रविवार को 5 विधायकों के नाम की घोषणा कर दी जबकि दो विधानसभा सीट कोडरमा और बरकट्ठा से उन्मीदवारों के नामों की घोषणा बाद में की जायेगी।
रविवार को यह जानकारी राजद के राष्ट्रीय महासचिव सह विधायक भोला यादव ने दी। उन्होंने बताया कि पलामू जिला के हुसैनाबाद विधानसभा सीट से संजय कुमार सिंह यादव, छतरपुर से विजय कुमार, चतरा से सत्यानंद भोक्ता, गोड्डा से संजय प्रसाद यादव और देवघर से सुरेश पासवान को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। विजय कुमार को छोड़कर बाकी सभी चारों झारखंड विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। संजय कुमार सिंह यादव हुसैनाबाद से दो बार विधायक रह चुके हैं तथा सत्यानंद भोक्ता भी चतरा से भाजपा के विधायक रहे हैं। झारखंड सरकार में वे मंत्री भी थे। संजय कुमार सिंह यादव और सत्यानंद भोक्ता 11 नवंबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
उन्होंने बताया है कि विपक्षी गठबंधन के तहत झामुमो और कांग्रेस ने राजद को 7 सीटें दी है जबकि राजद 8 सीटें चाहता है। इसी सिलसिले में एकदिन पहले शनिवार को झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने रिम्स में इलाजरत लालू प्रसाद यादव से मुलाकात कर गतिरोध दूर करने का अनुरोध किया था। मुलाकात के बाद हेमंत ने कहा था कि लालू ने दोनों हाथों से आशीर्वाद दिया है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के समय सत्यानंद भोक्ता राजद में शामिल हुए थे, जबकि चतरा से राजद के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान ने लोकसभा चुनाव के समय ही भाजपा का दामन थाम लिया था। संजय कुमार सिंह यादव राजद के वफादार माने जाते हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने लालू प्रसाद यादव का साथ नहीं छोड़ा। जबकि हाल ही में मनिका से राजद के पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह चेरो कांग्रेस में शामिल हुए हैं। कांग्रेस से उनका चुनाव लड़ना भी तय माना जा रहा है। इसके अलावा लोकसभा चुनाव के समय राजद की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी और गिरिनाथ सिंह भी भाजपा में शामिल हुए थे। अन्नपूर्णा देवी अब भाजपा से कोडरमा की सांसद हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *