आखिरी टी-20 में इंग्लैंड ने सुपर ओवर में न्यूजीलैंड को हराया

0

पांच मैचों की श्रृंखला 3-2 से अपने नाम की



ऑकलैंड, 10 नवम्बर (हि.स.)। इंग्लैंड ने रविवार को खेले गए पांचवें और आखिरी टी-20 मैच में सुपर ओवर में न्यूजीलैंड को हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 3-2 से अपने नाम कर ली। इंग्लैंड ने इस श्रृंखला में पहले और चौथे मैच में जीत दर्ज की है,जबकि न्यूजीलैंड ने दूसरा और तीसरा मैच अपने नाम किया था।

वर्षा से बाधित इस रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में पांच विकेट पर 146 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड की टीम भी निर्धारित 11 ओवरों में सात विकेट पर 146 रन ही बना सकी। इंग्लैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन बनाने थे और मुकाबला टाई हो गया। इसके बाद सुपरओवर में इंग्लैंड ने 17 रन का स्कोर बनाया।  जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 8 रन ही बना सकी।

इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। न्यूजीलैंड ने मार्टिन गुप्टिल के 20 गेंदों पर तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से बनाए गए 50 और कोलिन मुनरो के 21 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से बनाए गए 46 रन की बदौलत 11 ओवर में पांच विकेट पर 146 रनों का मजबूत स्कोर बनाया।

इन दोनों के अलावा टिम सिफर्ट ने 16 गेंदों पर एक चौके और पांच छक्कों के दम पर 39 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए सैम कुरेन, टॉम कुरेन, आदिल राशिद और शाकिब महमूद ने एक-एक विकेट चटकाए।

न्यूजीलैंड से मिले 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम भी निर्धारित 11 ओवरों में सात विकेट पर 146 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के लिए जॉनी बेयरस्टो ने 18 गेंदों पर दो चौके और पांच छक्कों की मदद से 47, कप्तान इयोन मॉर्गन ने 17, सैम करेन ने 24 और टॉम करेन ने 12 रन बनाए। इंग्लैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन बनाने थे और मुकाबला टाई हो गया। इसके बाद सुपरओवर में इंग्लैंड ने 17 रन का स्कोर बनाया।  जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 8 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो को मैन ऑफ द मैच और न्यूजीलैंड के मिशेल सेंटनर को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। बता दें कि इंग्लैंड ने इस साल 50 ओवरों के विश्व कप के फाइनल में सुपर ओवर में ही न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप जीता था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *