जोहानिसबर्ग, 07 नवम्बर (हि.स.)। जोहानिसबर्ग स्थित टॉलस्टॉय फार्म में महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला की दो आदमकद प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। यह जानकारी बुधवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
विदित हो कि दक्षिण अफ्रीका में गांधी के सत्याग्रह आन्दोलन के दौरान यह पार्क सत्याग्रहियों का मुख्यालय बन गया था। इसका नाम रूसी लेखक काउंट लियो टॉलस्टाय के नाम पर रखा गया है जिसके प्रशंसक गांधी भी थे।
दक्षिण अफ्रीका में भारतीय उच्चायुक्त जयदीप सरकार ने प्रख्यात गांधीवादी और दक्षिण अफ्रीकी सामाजिक कार्यकर्ता मोहन हीरा की अगुवाई में संचालित महात्मा गांधी रिमेम्बरेंन्स ऑर्गनाइजेशन (एमजीआरओ) की सराहना की। इस संगठन ने टॉलस्टॉय फार्म की हालत सुधारने के लिए कई कदम उठाए। दशकों की अनदेखी के चलते टॉल्सटॉय फार्म अस्त व्यस्त हालत में था।
लगभग दो दशक पहले मोहन हीरा ने अपने खर्च से इस फार्म की हालत सुधारना शुरू किया। उन्होंने पौधे लगाए और दीवारें बनाईं। स्थानीय भारतीय समुदाय ने भी योगदान किया और सबकी मेहनत रंग लाई।
सरकार ने कहा कि उनका कार्यालय और जोहानिसबर्ग में महावाणिज्य दूत अंजू रंजन आगे भी इस स्थान के संरक्षण के लिए योगदान करेंगे।
